अमेरिका: गोलीबारी में मारा गया भारतीय छात्र शरत कोप्पु का हत्यारा

अमेरिका की पुलिस ने शरत कोप्पु की हत्या में एक संदिग्ध को गोलीबारी में मार गिराया है।

By Arti YadavEdited By: Publish:Mon, 16 Jul 2018 12:25 PM (IST) Updated:Mon, 16 Jul 2018 01:10 PM (IST)
अमेरिका: गोलीबारी में मारा गया भारतीय छात्र शरत कोप्पु का हत्यारा
अमेरिका: गोलीबारी में मारा गया भारतीय छात्र शरत कोप्पु का हत्यारा

वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिका के कंसास शहर में अज्ञात बंदूकधारियों ने भारतीय छात्र शरत कोप्पू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। शरत की हत्या में एक संदिग्ध को पुलिस ने गोलीबारी में मार गिराया है। इस फायरिंग में तीन पुलिस अधिकारी भी घायल हो गए हैं। बता दें कि अमेरिका के शहर कंसास में अज्ञात लोगों के द्वारा लूट के प्रयास की घटना में शरत मारा गया था।

स्थानीय मीडिया के अनुसार पुलिस को संदिग्ध पर शरत की हत्या का शक था, जब उन्होंने उसे पकड़ने की कोशिश की, तो उसने राइफल से पुलिस अधिकारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान दो पुलिस अधिकारी बुरी तरह जख्मी हो गए। इसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें वह मारा गया। इस फायरिंग में तीन अधिकारी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीनों अधिकारी खतरे से बाहर हैं। हालांकि नाम का अभी खुलासा नहीं किया गया है।

कंसास सिटी के इंडियन एसोसिएशन ने पुलिस के इस अभियान की सराहना की है। उन्होंने कहा कि हमें यह सुनकर खुशी हो रही है कि संदिग्ध मारा गया और कोप्पू को न्याय मिला है, हालांकि तीन पुलिस अधिकारियों के घायल होने की खबर से हम दुखी हैं।

अज्ञात बंदूकधारियों पर 10,000 डॉलर का इनाम

बता दें कि कंसास पुलिस ने अज्ञात बंदूकधारियों की सूचना देने वाले के लिए 10,000 डॉलर की इनाम राशि की घोषणा की थी। इसके लिए पुलिस ने घटना से संबंधित एक वीडियो भी जारी किया था। रिपोर्ट के मुताबिक, कंसास पुलिस को 6 जुलाई शाम सात बजे एक रेस्तरां में गोलीबारी की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खून से लथपथ शरत को एक पूल में गिरा पाया। आनन-फानन में युवक को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना पर विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने दुख जताया और परिवार से संवेदना प्रकट की थी।

मास्टर डिग्री की पढ़ाई के लिए आया था अमेरिका

कोप्पू दो माह पहले अमेरिका में मास्‍टर डिग्री की पढ़ाई के लिए आया था। वह कंसास की मिसौरी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था और रेस्‍टोरेंट पर पार्ट टाइम कर्मचारी के रूप में काम कर रहा था। एक साल में यह दूसरा गोलीकांड है। इससे पहले कंसास के बार में तेलुगू इंजीनियर श्रीनिवास कूचीबोटला की गोली मार कर हत्‍या कर दी गई थी। हैदराबाद में कोप्पू के परिवार ने हत्‍या की आधिकारिक पुष्टि की है।

chat bot
आपका साथी