अमेरिका के 20 प्रांतों में तेजी से बढ़ रही महामारी, कोरोना से अब तक एक लाख 64 हजार से ज्यादा की मौत

अमेरिका में महामारी का इस कदर प्रकोप है कि गत नौ दिनों में दस हजार से ज्यादा रोगियों की मौत हो गई।

By Dhyanendra SinghEdited By: Publish:Sat, 08 Aug 2020 08:34 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 08:37 PM (IST)
अमेरिका के 20 प्रांतों में तेजी से बढ़ रही महामारी, कोरोना से अब तक एक लाख 64 हजार से ज्यादा की मौत
अमेरिका के 20 प्रांतों में तेजी से बढ़ रही महामारी, कोरोना से अब तक एक लाख 64 हजार से ज्यादा की मौत

न्यूयॉर्क, एजेंसियां। अमेरिका में कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दुनिया के इस सबसे ताकतवर देश के 20 से ज्यादा प्रांतों में महामारी तेज गति से बढ़ रही है। इसी का परिणाम है कि देशभर में संक्रमित लोगों की संख्या 50 लाख 90 हजार से अधिक हो गई है। इनमें से एक लाख 64 हजार से ज्यादा पीड़ित दम तोड़ चुके हैं। इधर, न्यूयॉर्क प्रांत में संक्रमण में गिरावट आने पर स्कूलों को फिर से खोले जाने की तैयार शुरू हो गई है। यह प्रांत अमेरिका में एक वक्त महामारी का केंद्र बन गया था। यहां अब तक करीब साढ़े चार लाख मामले पाए गए हैं।

समाचार एजेंसी रायटर के डाटा के अनुसार, अमेरिका में महामारी का इस कदर प्रकोप है कि गत नौ दिनों में दस हजार से ज्यादा रोगियों की मौत हो गई। जबकि कैलिफोर्निया, टेक्सास और फ्लोरिडा महामारी के नए केंद्र बन गए हैं। कैलिफोर्निया में साढ़े पांच लाख और फ्लोरिडा में पांच लाख 18 हजार संक्रमित हैं। टेक्सास में भी संक्रमित लोगों की संख्या पांच लाख के पार होने वाली है। इन प्रांतों समेत अमेरिका के 20 से ज्यादा राज्यों में नए मामलों में तेजी देखी जा रही है। इस स्थिति के बावजूद अमेरिकी नागरिक और राजनीतिज्ञ स्कूलों को खोलने, टेस्टिंग, कारोबारों को बंद करने और मास्क पहनने का आदेश देने जैसे मसलों पर बंटे हुए हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि निवार्चित नेताओं को इस संकट का समाधान करने की जरूरत है। जनस्वास्थ्य को राजनीति का मुद्दा बनाना नहीं चाहिए। इस बीच, न्यूयॉर्क प्रांत के गवर्नर एंड्रयू कुओमो ने शुक्रवार को कहा कि सभी स्कूलों को सख्त एहतियाती उपायों के साथ खोला जा सकता है।

ब्राजील में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख के करीब

ब्राजील में भी कोरोना महामारी से हाहाकार है। इस देश में मरने वालों का आंकड़ा एक लाख के करीब पहुंच गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि बीते 24 घंटे के दौरान 50 हजार 230 नए मामले पाए गए। इससे संक्रमित लोगों की संख्या 29 लाख 62 हजार से अधिक हो गई। इस अवधि में 1,079 पीडि़तों की मौत से मरने वालों की तादात 99 हजार 572 हो गई। इस लैटिन अमेरिकी देश में एक दिन पहले 53 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए थे।

ब्रिटेन में मास्क पहनना अनिवार्य

दूसरे दौर की कोरोना महामारी के खतरे के मद्देनजर ब्रिटेन में रोकथाम के उपाए सख्त किए जा रहे हैं। इसी कवायद में इंग्लैंड और स्कॉटलैंड में शनिवार से पूजा स्थल, सिनेमाघर, बैंक, लाइब्रेरी और म्यूजियम जैसे स्थानों पर भी मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया। ब्रिटेन में अब तक कुल तीन लाख नौ हजार लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। जबकि 46 हजार 511 की मौत हुई है।

दुनियाभर में कोरोना महामारी से जुड़े प्रमुख बिंदु

मेक्सिको : 6,717 नए केस पाए जाने से संक्रमितों की संख्या चार लाख 69 हजार हो गई है। 794 की मौत से मरने वालों की संख्या 51 हजार हो गई।

गाजा पट्टी : इस फलस्तीन क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के बीच स्कूलों को दोबारा खोल दिया गया। महामारी के चलते स्कूल पांच माह से बंद थे।

रूस : 5,212 नए मामले मिलने से संक्रमित लोगों का आंकड़ा आठ लाख 82 हजार से ज्यादा हो गया है। अब तक 14 हजार 854 की मौत हुई है।

सिंगापुर : 132 नए मामले पाए जाने से कोरोना रोगियों की संख्या 55 हजार से अधिक हो गई। पीडि़तों में ज्यादातर विदेशी कामगार बताए जाते हैं।

पाकिस्तान : 842 नए संक्रमित की पुष्टि होने से पीडि़तों की तादात दो लाख 83 हजार से अधिक हो गई। अब तक 6,068 की जान गई है।

ऑस्ट्रेलिया : दूसरे दौर की महामारी के खतरे का केंद्र बने विक्टोरिया प्रांत में तेजी से मामले बढ़ रहे हैं। 466 नए मामले पाए गए और 12 की मौत हुई।

chat bot
आपका साथी