दुनिया में पांच करोड़ से ज्यादा हुए कोरोना के मरीज, 21 दिन में एक करोड़ से ज्यादा मामले सामने आए

दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या पांच करोड़ के स्तर को पार कर गई है। अमेरिका में मरीजों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई है। वहीं फ्रांस में एक दिन का आंकड़ा 40 हजार को पार कर गया है।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Sun, 08 Nov 2020 09:27 PM (IST) Updated:Sun, 08 Nov 2020 09:27 PM (IST)
दुनिया में पांच करोड़ से ज्यादा हुए कोरोना के मरीज, 21 दिन में एक करोड़ से ज्यादा मामले सामने आए
दुनियाभर में संक्रमितों की संख्या पांच करोड़ के स्तर को पार कर गई है।

वाशिंगटन, एजेंसियां। पूरी दुनिया में कोरोना के मरीजों की संख्या अब पांच करोड़ के स्तर को पार कर गई है। कई देशों में हर रोज नए मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। अमेरिका में चुनाव के बाद मरीजों की संख्या रिकॉर्ड स्तर पर है। पिछले 24 घंटों के दौरान यहां पर एक लाख तीस हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए। फ्रांस में एक दिन का आंकड़ा चालीस हजार से ज्यादा पर पहुंच गया है। ब्रिटेन में एक दिन में 25 हजार से ज्यादा संक्रमित पाए गए।

रायटर की टैली के अनुसार अक्टूबर माह में कोरोना की दूसरी लहर शुरू हुई जो अभी थमने का नाम नहीं ले रही है। हालात की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि महज 21 दिनों में कोरोना संक्रमण के एक करोड़ मामले सामने आए। अमेरिका में हर रोज के नए मरीजों का आंकड़ा चुनाव के दौरान ही बढ़ने लगा था। अब हर राज्य में संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। टेक्सास में मरीजों का ग्राफ ऊपर आ रहा है। यहां पर कोरोना के मामले दस लाख से ज्यादा पहुंच गए हैं।

यूरोप में मरीजों की संख्या एक करोड़ बीस लाख से ज्यादा हो गई है। यहां हर तीन दिन में दस लाख से ज्यादा मरीज सामने आ रहे हैं। दूसरी लहर में कई देशों में स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ाने की जरूरत महसूस की जा रही है। डेनमार्क में दोबारा लॉकडाउन शुरू कर दिया गया है।

फ्रांस में मरने वालों का आंकड़ा चालीस हजार पहुंच गया है। यहां एक दिन में चालीस हजार से ज्यादा नए मरीज सामने आए हैं। इनमें से 27 हजार से ज्यादा अस्पताल में भर्ती किए गए हैं। तीन हजार आइसीयू में भर्ती कराए गए। कोरोना पर नियंत्रण के लिए दोबारा लॉकडाउन किया गया है। रूस में भी महामारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। यहां पर एक दिन में बीस हजार से ज्यादा नए मरीज मिले हैं। 

chat bot
आपका साथी