Coronavirus World Update : विश्‍वभर में 24 घंटे में सवा सात लाख मामले, जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल

कई देशों में संक्रमित लोगों की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है। नतीजन विश्व में बीते 24 घंटे में सात लाख 27 हजार से ज्यादा नए कोरोना रोगी बढ़ गए। इस दौरान करीब दस हजार मरीजों की मौत हो गई।

By Krishna Bihari SinghEdited By: Publish:Mon, 26 Apr 2021 04:56 PM (IST) Updated:Tue, 27 Apr 2021 01:53 AM (IST)
Coronavirus World Update : विश्‍वभर में 24 घंटे में सवा सात लाख मामले, जानें दुनिया के बाकी मुल्‍कों का हाल
कई देशों में संक्रमित लोगों की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है।

वाशिंगटन, एजेंसियां। कोरोना महामारी की दूसरी लहर की चपेट में आए कई देशों में संक्रमित लोगों की संख्या में तेज वृद्धि दर्ज की जा रही है। नतीजन विश्व में बीते 24 घंटे में सात लाख 27 हजार से ज्यादा नए कोरोना रोगी बढ़ गए। इस दौरान करीब दस हजार मरीजों की मौत हो गई। नए मामलों में से करीब आधे अकेले भारत में पाए गए। भारत, ब्राजील, तुर्की और ईरान जैसे देशों में कोरोना का कहर फिर बढ़ गया है।

दुनिया में 14 करोड़ 68 लाख से ज्‍यादा केस

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के डाटा के अनुसार, सोमवार सुबह कोरोना संक्रमित लोगों का वैश्विक आंकड़ा बढ़कर 14 करोड़ 68 लाख 30 हजार से ज्यादा हो गया जबकि मरने वालों की संख्या 31 लाख छह हजार 384 हो गई। तुर्की में रविवार को 38 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए गए। यहां पीडि़तों की कुल संख्या 46 लाख से अधिक हो गई। जबकि ईरान में बीते 24 घंटे में करीब 20 हजार नए मामलों की पुष्टि की गई।

ब्राजील में 1,316 लोगों की मौत

ब्राजील में बीते 24 घंटे के दौरान साढ़े 32 हजार से ज्यादा नए केस पाए जाने से पीडि़तों की कुल संख्या एक करोड़ 43 लाख 40 हजार से अधिक हो गई। इस दौरान 1,316 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों का आंकड़ा तीन लाख 90 हजार के पार पहुंच गया है।

ब्रिटेन में नए मामलों में गिरावट

कोरोना महामारी की दूसरी लहर से जूझने वाले ब्रिटेन में नए मामलों में अब गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटे में सिर्फ 1,712 पॉजिटिव केस पाए गए। यह संख्या गत सितंबर के बाद सबसे कम बताई जा रही है। इससे संक्रमित लोगों की कुल संख्या 44 लाख चार हजार से अधिक हो गई। इस दौरान 11 पीडि़तों के दम तोड़ने से मरने वालों की संख्या बढ़कर एक लाख 27 हजार 428 हो गई है।

एक नजर इन मुल्‍कों पर

इराक : देश में 24 घंटे में 6,034 नए केस मिलने से कुल संख्या दस लाख 31 हजार से अधिक हो गई है। यहां 15 हजार 257 पीड़ि‍तों की मौत हुई है।

पाकिस्तान : पीडि़तों की संख्या आठ लाख से ज्यादा हो गई है। 17 हजार से अधिक मौत हुई। यहां चीन से वैक्सीन की दस लाख और डोज पहुंच गई है।

थाइलैंड : देश में 2,048 नए मरीज पाए गए हैं। संक्रमण की रोकथाम के लिए बैंकाक में सिनेमा, पार्क और जिम जैसे स्थानों को बंद कर दिया गया है।

काठमांडू घाटी में लॉकडाउन 

नेपाल ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए काठमांडू घाटी में बृहस्पतिवार से एक हफ्ते का लॉकडाउन लागू किया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक मौजूदा वक्‍त में काठमांडू घाटी कोरोना महामारी का हॉटस्पॉट बन गई है। यहां हाल के दिनों में संक्रमण दर में तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। रविवार को यहां 1498 नए मामले दर्ज किए गए थे। काठमांडू, भक्तपुर और ललितपुर के मुख्य जिला अधिकारियों ने 29 अप्रैल से लॉकडाउन लागू किया है।

chat bot
आपका साथी