सालसी सभा में तीन तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला

-जमीन हड़पने को लेकर चल रहा था विवाद -कांग्रेस के सात कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज, सभ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 20 Jun 2018 05:23 PM (IST) Updated:Wed, 20 Jun 2018 05:23 PM (IST)
सालसी सभा में तीन तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला
सालसी सभा में तीन तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला

-जमीन हड़पने को लेकर चल रहा था विवाद

-कांग्रेस के सात कार्यकर्ताओं पर प्राथमिकी दर्ज, सभी फरार

संवाद सूत्र, मालदा : जमीन हड़पने को लेकर बुलाई गई सालसी सभा में मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कांग्रेस के लोगों ने तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें तीन बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह घटना मंगलवार रात को मालदा के कालियाचक थाना के एक नंबर ब्लॉक जालुआबाथाल गांव में घटित हुई। इस हमले में साबर अली(55), मो. बरकत अली(31) और सामसुद्दीन अली(36) गंभीर रूप से घायल हुए।

घायल बरकत अली ने बताया कि मेरे पिता ने वर्ष 2005 में जालुआबाथाल गांव में जमीन खरीदा था। इसके बाद कांग्रेस समर्थक एजाबुल व उसके लोगों ने जबरन हड़प करके रखा है। इसे लेकर कई बार झगड़ा हुआ। इस मामले को लेकर सालसी सभा बुलाई गई। सालसी सभा के बीच में एजाबुल ने साबर अली के पर धारदार हथियार से हमला किया। मैंने हस्तक्षेप किया, तो मुझ पर भी हमला किया। ग्रामीणों ने हमें पहले इलाके के स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। लेकिन गंभीर हालत को देखकर मालदा मेडिकल कॉलेज व अस्पताल में रेफर किया गया। इस मामले को लेकर कांग्रेस समर्थक एजाबुल शेख सहित सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

पुलिस ने बताया कि इस हमले के बाद से आरोपी फरार है। हम उन्हें तलाश रहे है। इस संबंध में जिला तृणमूल कांग्रेस के युवा अध्यक्ष अम्लान भादुड़ी ने बताया कि सालसी सभा में हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। मैंने इसे लेकर पुलिस को सूचित किया है।

वहीं जिला कांग्रेस के महासचिव नरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि तृणमूल कांग्रेस पर झूठा आरोप लगा रही है। यह उनका आपसी विवाद है। इस मामले में हमारे लोगों का हाथ नहीं है।

कैप्शन : अस्पताल में भर्ती घायल तृणमूल कार्यकर्ता

chat bot
आपका साथी