किराए पर कोख देने के नाम पर छह लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

किराए पर कोख देने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 22 Feb 2020 03:50 PM (IST) Updated:Sat, 22 Feb 2020 04:21 PM (IST)
किराए पर कोख देने के नाम पर छह लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार
किराए पर कोख देने के नाम पर छह लाख की ठगी, महिला गिरफ्तार

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : किराए पर कोख देने के नाम पर छह लाख रुपये की ठगी के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर छापामारी कर उसे दक्षिण 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया। वह काफी दिनों से वहां एक मकान में छिपी हुई थी। पुलिस उससे पूछताछ कर उसके साथियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस मामले में एक चिकित्सक समेत सात लोग आरोपित हैं। कोलकाता में इस तरह का यह पहला मामला है, जिसमें किराए पर कोख देने के नाम पर लाखों की ठगी की गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि मामला पिछले साल का है। न्यू अलीपुर इलाके में रहने वाले एक नि:संतान दंपती ने संतान की चाह में भवानीपुर इलाके के एक चिकित्सक से संपर्क किया था। उस चिकित्सक के कहने पर उन्होंने सरोगेसी (किराए की कोख) के जरिए माता-पिता बनने का रास्ता अपनाते हुए एक महिला को छह लाख रुपये दिए, जिसने अपनी कोख किराए पर देने की बात कही थी। रुपये मिलने के बाद वह महिला फरार हो गई और उक्त चिकित्सक और उसके साथी भी अचानक से गायब हो गए। स्तब्ध दंपती ने उक्त चिकित्सक व महिला समेत सात लोगों के खिलाफ थाने में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने दक्षिण 24 परगना जिले से उक्त महिला को गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सक समेत अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है। पुलिस आरोपित महिला से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इसके पीछे कोई रैकेट तो सक्रिय नहीं है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इससे पहले उसने इस तरह से ठगी की और घटनाओं को तो अंजाम नहीं दिया।

chat bot
आपका साथी