West Bengal Politics : ममता का भाजपा पर निशाना, कहा-सभा व रैली कर कोरोना फैला रहीं कुछ पार्टियां

कहा राजनीति करने के लिए महामारी कानून का हो रहा उल्लंघन। सभा व रैलियों का दौर जारी है जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। भाजपा का नाम लिये बगैर ममता ने बोला हमला। प्रशासनिक बैठक के दौरान अधिकारियों को कानून को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Thu, 05 Nov 2020 09:15 PM (IST) Updated:Thu, 05 Nov 2020 09:15 PM (IST)
West Bengal Politics : ममता का भाजपा पर निशाना, कहा-सभा व रैली कर कोरोना फैला रहीं कुछ पार्टियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता बाहरी लोगों पर विश्वास नहीं करेगी।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी ने गुरुवार को प्रशासनिक बैठक के दौरान राज्य में कोरोना की स्थिति पर चर्चा करते हुए कहा कि कुछ पार्टियां नियम-कानून को ताक पर रख्रकर राजनीति कर रही हैं। उन्होंने भाजपा का नाम लिए बिना उसकी ओर इशारा करते हुए कहा कि कोविड-19 के दौर में भी सभा व रैलियों का दौर जारी है, जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ रहा है। 

महामारी कानून का लगातार उल्लंघन कर रही पार्टी

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान राज्य सरकार द्वारा किये गये इंतजाम के कारण संक्रमितों की संख्या में वृद्धि दर्ज नहीं की गई है। राज्य की आम जनता नियमों का पालन कर रही है, लेकिन एक-दो पार्टियां महामारी कानून का लगातार उल्लंघन कर रही हैं, जिसके कारण कोरोना फैल रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक बैठक के दौरान अधिकारियों को इस ओर ध्यान देने एवं महामारी कानून को सख्ती से लागू करने का आदेश दिया, जिससे संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। 

शाह पर निशाना, बाहरी लोगों को जनता देगी जवाब 

वहीं, मुख्यमंत्री ने बंगाल के दौरे पर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिये बिना उन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कोई बंगाल में आकर उखाड़ फेंकने की धमकी दे रहा है, यह किस प्रकार की भाषा है। कोई भी बयानबाजी करने से पहले भाषा पर काबू रखना चाहिए। हम भी ऐसा बोल सकते हैं, लेकिन यह हमारे संस्कार में नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता बाहरी लोगों पर विश्वास नहीं करेगी। यहां की जनता समझ चुकी है। इन बाहरी लोगों को राज्य की जनता जवाब देगी।

सीबीआइ की छापेमारी पर भी ममता ने उठाए सवाल 

ममता ने इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री पर कटाक्ष करते हुए यह भी कहा कि यहां वह एक जिले में आदिवासी के घर भोजन कर रहे हैं और दूसरे जिलों में केंद्रीय जांच एजेंसियां छापामारी अभियान चला रही हैं, यह साजिश है। साजिश के तहत बंगाल को बदनाम किया जा रहा है, जिसे राज्य की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी और उन्हें सही समय पर जवाब देगी। गौरतलब है कि मवेशियों की तस्करी मामले में सीबीआइ की टीम ने बुधवार व गुरुवार को कोलकाता में कई ठिकानों पर छापेमारी की। ममता ने इसी को लेकर सवाल उठाए।

chat bot
आपका साथी