West Bengal Politics: नाराज भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने प्रदेश नेतृत्व पर फिर साधा निशाना

केंद्र सरकार व पार्टी से नाराज चल रहे बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को मनाने की कोशिशें के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात से एक दिन पहले रविवार को उनके फिर बगावती सुर सुनाई दिए।

By Sumita JaiswalEdited By: Publish:Sun, 15 May 2022 07:18 PM (IST) Updated:Sun, 15 May 2022 07:18 PM (IST)
West Bengal Politics: नाराज भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने प्रदेश नेतृत्व पर फिर साधा निशाना
पार्टी अध्यक्ष नड्डा से मुलाकात से पहले अर्जुन सिंह के फिर सुनाई दिए बगावती सुर।

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। केंद्र सरकार व पार्टी से नाराज चल रहे बंगाल के बैरकपुर से भाजपा सांसद अर्जुन सिंह को मनाने की कोशिशें के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के साथ मुलाकात से एक दिन पहले रविवार को उनके फिर बगावती सुर सुनाई दिए। सिंह ने एक बार फिर प्रदेश नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में कई लोग उन लोगों की परवाह नहीं करते जो तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) से भाजपा में शामिल हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बंगाल में पार्टी का प्रदेश नेतृत्व इंटरनेट मीडिया में मग्न है। सिंह ने कहा कि राजनीति ट्विटर व फेसबुक से नहीं चलती है।

बैरकपुर से सांसद सिंह ने यह भी कहा कि उन्हें प्रदेश उपाध्यक्ष का पद दिया गया है लेकिन उनके पास कोई पावर नहीं है। कल वे इस पद पर रहेंगे या नहीं यह भी उन्हें पता नहीं है। उनका इशारा इस बात की तरफ था कि पार्टी में उनकी बात नहीं सुनी जाती है। बता दें कि जूट उद्योग की बदहाली को लेकर सिंह पिछले कुछ दिनों से केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार मुखर हैं। इन सबके बीच पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने उन्हें दिल्ली बुलाया है और सोमवार को मुलाकात होनी है। इससे पहले उन्होंने यह बयान दिया है।

वहीं, नड्डा से मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता है कि वे (पार्टी अध्यक्ष) किस बारे में उनसे बात करेंगे। सिंह ने कहा- नड्डा जी के सचिव का उनके पास फोन आया है और कहा गया कि सोमवार दोपहर के बाद पार्टी अध्यक्ष उनसे मिलना चाहते हैं। बता दें कि नाराज चल रहे अर्जुन सिंह को मनाने में पार्टी लगातार जुटी है। इससे पहले शुक्रवार को केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व नंदीग्राम से भाजपा विधायक सुवेंदु अधिकारी ने उनके साथ बैठक की थी। इससे पहले  केंद्रीय कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल ने भी पिछले दिनों खुद फोन करके सिंह को बातचीत के लिए दिल्ली बुलाया था। गोयल के बुलावे पर उन्होंने इस सिलसिले में पिछले दिनों दिल्ली जाकर उनके साथ बैठक की थीं और जूट संबंधी मुद्दों पर बात की थीं। हालांकि इस बैठक के बावजूद कुछ दिनों से फिर अर्जुन सिंह के तेवर नरम नहीं दिख रहे हैं। उनके सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में वापस शामिल होने की अटकलें लगातार तेज है।

चार दिन पहले सिंह अपने लोकसभा क्षेत्र में जगदल के तृणमूल विधायक के साथ एक कार्यक्रम में भी नजर आए थे। वहीं, शुक्रवार सुबह दिल्ली से लौटते समय कलकत्ता हवाईअड्डे पर उन्होंने तृणमूल में शामिल होने के सवाल पर यह कहकर अटकलों को और बढ़ा दिया था कि समय बताएगा कि कौन कहां और कब जाएगा।

chat bot
आपका साथी