भारतीय फैशन को दुनियाभर में नए सिरे से परिभाषित कर रहे पीएम मोदी

जानी-मानी फैशन डिजाइनर अग्निमित्रा पाल ने कहा-पीएम मोदी का ड्रेस सेंस गजब का परिधानों की भी रखते हैं गहरी समझ।

By Preeti jhaEdited By: Publish:Thu, 06 Aug 2020 03:00 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 03:00 PM (IST)
भारतीय फैशन को दुनियाभर में नए सिरे से परिभाषित कर रहे पीएम मोदी
भारतीय फैशन को दुनियाभर में नए सिरे से परिभाषित कर रहे पीएम मोदी

कोलकाता, विशाल श्रेष्ठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय फैशन को दुनियाभर में नए सिरे से परिभाषित कर रहे हैं। वे भारतीय कपड़ा जगत के ब्रांड एंबेसडर बनने की दिशा में हैं। जानी-मानी फैशन डिजाइनर व बंगाल भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्रा पाल ने पीएम मोदी के फैशन स्टेटमेंट पर ये विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा-' पीएम मोदी का ड्रेस सेंस गजब का है। किस अवसर पर किस तरह के परिधान पहनने चाहिए, उन्हें इसकी गहरी समझ है। पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू भी काफी फैशनेबल थे लेकिन नरेंद्र मोदी उनसे कहीं आगे हैं।'

पूरी दुनिया में मशहूर हो गया है मोदी कोट

अग्निमित्रा ने कहा-' मोदी कोट आज पूरी दुनिया में मशहूर हो गया है। राजनेता ही नहीं, आम लोग भी इसे चाव से पहन रहे हैं। विवाह समारोहों से लेकर कार्य स्थलों तक में लोगों को मोदी कोट पहनते देखा जा रहा है। हाफ स्लीव वाले कुर्ते को भी मोदी ने ही मशहूर किया है। पहले राजनेता फुल स्लीव वाले कुर्ते पहनते थे। मोदी हाफ स्लीव वाला कुर्ता लेकर आए, जिसमें जेब भी है। आज यह नया फैशन बन गया है।'

राजनेताओं के परिधानों में बिखेरी रंगत

अग्निमित्रा ने आगे कहा-' पहले राजनेता सफेद रंग का कुर्ता-पायजामा पहनना पसंद करते थे। मोदी राजनेताओं के परिधानों में रंगत लेकर आए हैं।दरअसल वे इस तरह से भारतीय कपड़ों को प्रमोट कर रहे हैं। मोदी विशेषकर सूती, खादी और लिनेन से तैयार कपड़े पहनते हैं।'

राम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में मोदी का परिधान था बेहद खास

अग्निमित्रा ने कहा-'अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन समारोह में पीएम मोदी ने जो परिधान पहना था, वह बेहद खास और सबसे अलग था। उन्होंने जो धोती पहनी थी, उसमें पतला सा बॉर्डर था। उसके साथ उन्होंने शेरवानी जैसे वस्त्र पहने थे, जिसके कंधे स्ट्रक्चर्ड थे। शेरवानी की तरह ही सामने जेब थी। शेरवानी के हाथ पंजाबी की तरह ढीले होते हैं लेकिन मोदी ने जो पहना था, उसमें शर्ट की तरह बटन थे। रंग भी केसरिया जैसा ही था, जिसे पूजा का रंग माना जाता है और यह बेहद शुद्ध होता है। मोदी ने जो उत्तरीय ओढ़ रखा था, वह स्टिच किया हुआ था और आम उत्तरीय की तरह इधर-उधर नहीं उड़ रहा था। उत्तरीय ऊपर गहरे लाल रंग जैसा था और नीचे कुर्ते के रंग का था। धोती का रंग भी उससे मेल खा रहा था।'

छत्रपति शिवाजी जैसी दाढ़ी, राजपूत जैसी मूंछें

अग्निमित्रा ने कहा-'पीएम मोदी की मूंछ और दाढ़ी की स्टाइल भी काफी बदल गई है। उनकी दाढ़ी अब छत्रपति शिवाजी जैसी लगती है और मूंछें राजपूत जैसी लंबी हो गई हैं। उन्होंने बाल भी बढ़ा लिए हैं। मुझे यकीन है कि उनके परिधान की तरह लोग उनके इस नए लुक का भी अनुसरण करेंगे।'

अग्निमित्रा ने आगे कहा-'पीएम मोदी के फैशन स्टेटमेंट को मेंटेन करने के लिए निश्चित तौर पर एक टीम काम कर रही होगी, जो काबिले तारीफ है। वह पीएम मोदी को विभिन्न अवसरों के मुताबिक परफेक्ट लुक प्रदान कर रही है। अयोध्या में भूमि पूजन समारोह इसका उत्तम उदाहरण है। इस समारोह को पूरी दुनिया ने देखा था। समारोह के माहौल के रंग से मोदी के परिधान का रंग पूरी तरह मेल खा रहा था। उनकी टीम ने एक-एक चीज का पूरा ध्यान रखा था।'

अग्निमित्रा ने कहा-' मैं चाहती हूं कि पीएम मोदी भारतीय टेक्सटाइल से तैयार कपड़े ज्यादा से ज्यादा पहनें। इससे देश ही नहीं, पूरी दुनिया में उनकी लोकप्रियता बढ़ेगी और उनसे जुड़े बुनकरों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। 

chat bot
आपका साथी