आज लंदन दौरे पर जाएंगी ममता

राज्य में उद्योग लगाने के लिए विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारी भरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार को लंदन की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना होंगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Sun, 26 Jul 2015 01:40 AM (IST) Updated:Sun, 26 Jul 2015 01:45 AM (IST)
आज लंदन दौरे पर जाएंगी ममता

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। राज्य में उद्योग लगाने के लिए विदेशी निवेशकों को आकर्षित करने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भारी भरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ रविवार को लंदन की ऐतिहासिक यात्रा पर रवाना होंगी।

मुख्यमंत्री के साथ वित्तमंत्री अमित मित्रा, शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम, कोलकाता के मेयर शोभन चटर्जी, कोलकाता के पुलिस आयुक्त सुरजीत कर पुरकायस्थ, तृणमूल सांसद डेरेक ओब्रायन व प्रोफेसर सुगत बसु के अलावा राज्य के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों, नामचीन उद्योगपतियों सहित विभिन्न क्षेत्रों के कुल 94 लोगों का प्रतिनिधिमंडल लंदन जाएगा। मुख्यमंत्री 26 से 30 जुलाई तक लंदन के दौरे पर रहेंगी। इस दौरान वहां उनका काफी व्यस्त कार्यक्रम है।

लंदन में कई व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक के अलावा लंदन बिजनेस स्कूल में व्याख्यान का उनका विशेष कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री का लंदन में ब्रिटिश सरकार के कई मंत्रियों सहित महारानी से भी मिलने का कार्यक्रम है। राज्य सरकार के अनुसार, यात्रा का मुख्य उद्देश्य राज्य में अधिक से अधिक विदेशों निवेशकों को उद्योग लगाने के लिए आकर्षित करना है।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर कई माह पहले से जोरदार तैयारी चल रही थी। लंदन की यात्रा से पहले बीते गुरुवार को मुख्यमंत्री ने राज्य सचिवालय नवान्न में प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योगपतियों व विभिन्न औद्योगिक चेंबर के प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की थी। बैठक में मुï्ख्यमंत्री ने उनके साथ जाने वाले सभी प्रतिनिधियों से बंगाल को वहां बेहतर तरीके से पेश करने की अपील की थी।

मुख्यमंत्री लंदन में वहां के निवेशकों को मुख्य रूप से बंगाल के शिक्षा, स्वास्थ्य व पर्यटन के क्षेत्र में निवेश के लिए आमंत्रित करेंगी। इसके अलावा खनन व नवीकरण योग्य ऊर्जा के क्षेत्र में भी निवेश की संभावनाओं से ब्रिटिश कंपनियों को अवगत कराया जायेगा। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले साल ममता अपने भारी भरकम प्रतिनिधिमंडल के साथ सिंगापुर के दौरे पर भी गई थीं। इस दौरान उन्होंने हजारों करोड़ के निवेश संबंधी करार होने का दावा किया था। हालांकि हकीकत में पिछले कुछ वर्षों में राज्य में कोई भी बड़ा औद्योगिक निवेश नहीं हुआ है।

मुख्यमंत्री के प्रमुख कार्यक्रम

लंदन पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री रविवार को यूके इंडिया बिजनेस काउंसिल के कार्यालय में ब्रिटिश सीइओ के साथ बैठक करेंगी। इसके बाद रविवार को ही मुख्यमंत्री का हाउस आफ लॉड्र्स के बैरोनेस फ्रांसेस डीसूजा व भारतीय मूल की ब्रिटिश मंत्री प्रीति पटेल से मिलने का कार्यक्रम है। इसके बाद 27 को मुख्यमंत्री वहां यूके-इंडिया बिजनेस काउंसिल व फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगी और वहां की कंपनियों को बंगाल में निवेश की संभावनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी देंगी। 28 को ममता लंदन में भारतीय मूल के उद्योगपतियों के साथ बैठक करेंगी। वहीं, 29 को एशिया हाउस में निदेशकों के साथ गोलमेज बैठक में वह खास तौर पर आमंत्रित हैं। इसके बाद उसी दिन भारतीय उच्चायोग द्वारा उनके सम्मान में आयोजित रिसेप्शन पार्टी में वह हिस्सा लेंगी।

दौरे में साथ जाने वाले प्रमुख उद्योगपति

मुख्यमंत्री के साथ लंदन जाने वालों में हर्ष नेवटिया, संजीव गोयनका, संजय बुधिया, रवि पोद्दार, ज्योत्सना सूरी, आइटीसी के चेयरमैन वाइसी देवेश्वर, आदि गोदरेज, सुमित मजुमदार, उत्सव पारेख सहित अन्य उद्योगपति शामिल हैं।

फेयर प्राइस शॉप की सफलता का लंदन में होगा गुणगान

कोलकाता। बंगाल में निवेशकों को आकर्षित करने के लिये हरसंभव कोशिश में जुटी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी लंदन दौरे में वहां के उद्योगपतियों को अपने ड्रीम प्रोजेक्ट से भी अवगत करायेंगी। मुख्यमंत्री ने बंगाल को लंदन में बेहतर तरीके से पेश करने के लिये अपने अधिकारियों को पूरा होमवर्क कर लेने कानिर्देश दिया है।

सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार द्वारा यहां के सरकारी अस्पतालों में संचालित उचित मूल्य की दवा दुकान 'फेयर प्राइस शॉप की सफलता का लंदन में बखान किया जायेगा। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार राज्यभर में स्थित फेयर प्राइस दुकानों से 75 लाख से अधिक लोग लाभांवित हुए हैं। पिछले डेढ़ साल में खुले 35 दुकानों से दवा की खरीदारी करने वालों को 205.51 करोड़ की छूट प्राप्त हुई है। इन दुकानों से दवा की खरीदारी पर मरीजों को 55 से 68 फीसद तक की छूट मिल रही है। बताया गया है कि इन सभी चीजों से वहां के लोगों को अवगत कराया जायेगा।

chat bot
आपका साथी