रथ यात्रा के प्रचार को भाजपा का दीवार लेखन शुरू

-प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने किया शुभारंभ -महानगर सहित विभिन्न जिलों में चल रहा प्रचार ज

By JagranEdited By: Publish:Wed, 21 Nov 2018 10:28 PM (IST) Updated:Wed, 21 Nov 2018 10:28 PM (IST)
रथ यात्रा के प्रचार को भाजपा का दीवार लेखन शुरू
रथ यात्रा के प्रचार को भाजपा का दीवार लेखन शुरू

-प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने किया शुभारंभ

-महानगर सहित विभिन्न जिलों में चल रहा प्रचार

जागरण संवाददाता, कोलकाता : भाजपा पश्चिम बंगाल में अपनी रथ यात्रा को सफल बनाने के लिए जोरशोर से तैयारियों में जुटी हुई है। इसके लिए पार्टी ने अब प्रचार भी तेज कर दिया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने बुधवार को महानगर में खुद दीवार लेखन कर इसकी शुरुआत की। इसके साथ ही राज्य के विभिन्न जिलों में पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता दीवारों पर पार्टी का प्रतीक चिन्ह कमल फूल आककर यात्रा को सफल बनाने के लिए नारे लिखने में जुट गए हैं। मुक्ताराम बाबू स्ट्रीट से यह दीवार लेखन शुरू हुआ। इस अवसर पर पार्षद विजय ओझा, नेता कमलेश सिंह सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि भाजपा ने दिसंबर से लोकतंत्र बचाओ नारे के तहत पश्चिम बंगाल में रथ यात्रा निकालने का निर्णय किया है। यात्रा तीन चरणों में निकलेगी जो कि सभी 42 लोकसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 7 दिसंबर को कूचबिहार से रथ यात्रा का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद 9 दिसंबर को रथ यात्रा गंगासागर से निकलेगी। फिर तीसरे चरण की रथ यात्रा वीरभूम के तारापीठ से 14 दिसंबर को निकाली जाएगी। अलग-अलग जगहों से शाह रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। गौर हो कि अभी तक प्रशासन की ओर से उक्त यात्रा को अनुमति नहीं मिली है, लेकिन भाजपा अपने निर्णय पर अडिग है। गणतंत्र बचाओ यात्रा के रूप में भाजपा की यह रथ यात्रा निकलेगी। इसके लिए तीन केंद्रीय प्रभारी राज्य में पहुंचे हुए हैं। वे प्रति दिन बैठक आयोजित कर यात्रा की तैयारियों पर चर्चा कर रहे हैं। पूर्व में हुई घोषणा के अनुसार प्रथम रथ यात्रा वीरभूम के तारापीठ से 5 दिसंबर को निकलने वाली थी, लेकिन अमित शाह की व्यस्तता के कारण उसमें परिवर्तन करते हुए 14 दिसंबर कर दिया गया। इसलिए अब यात्रा का शुभारंभ 7 दिसंबर को कूचबिहार से होगा। भाजपा की इस यात्रा को लेकर राज्य की राजनीति गर्मा गई है।

chat bot
आपका साथी