पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रामनवमी पर बवाल, शोभायात्रा के दौरान फेंके गए बम और पत्थर; 20 लोग घायल

पश्चिम बंगाल में रामनवमी पर फिर हिंसा हुई है। मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बुधवार शाम रामनवमी शोभायात्रा पर बम फेंके गए। इस घटना में 20 से अधिक लोग जख्मी हो गए जिनमें एक महिला व दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल और एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसके बाद इलाके में तनाव है।

By Jagran NewsEdited By: Siddharth Chaurasiya Publish:Thu, 18 Apr 2024 02:02 AM (IST) Updated:Thu, 18 Apr 2024 07:39 AM (IST)
पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में रामनवमी पर बवाल, शोभायात्रा के दौरान फेंके गए बम और पत्थर; 20 लोग घायल
मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बुधवार शाम रामनवमी शोभायात्रा पर बम फेंके गए।

HighLights

  • बंगाल में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान हिंसा
  • उपद्रवियों ने किया पथराव
  • घटना में कई लोग घायल

राज्य ब्यूरो, जागरण, कोलकाता। बंगाल में रामनवमी पर फिर हिंसा की घटना हुई है। मुर्शिदाबाद जिले के शक्तिपुर में बुधवार शाम रामनवमी शोभायात्रा पर बम फेंके गए। इस घटना में 20 से अधिक लोग जख्मी हो गए, जिनमें एक महिला व दो बच्चे भी शामिल हैं। घायलों को मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल और एक अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके में तनाव है। तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी संख्या में केंद्रीय बल तैनात कर दिए हैं।

रामनवमी पर बंगाल में हिंसा

इस मामले में अभी तक पुलिस का आधिकारिक बयान नहीं आया है। इस दौरान आसपास के कई घरों व दुकानों में आगजनी, लूटपाट भी की गई। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी बंगाल में रामनवमी पर हिंसा की घटनाएं घटी थीं। उत्तर दिनाजपुर के दालखोला, हावड़ा के शिवपुर तथा हुगली के रिसड़ा व श्रीरामपुर में रामनवमी की शोभायात्राओं पर हमला हुआ था। इन घटनाओं में अनेक लोग जख्मी हुए थे। एनआईए इन घटनाओं की जांच कर रही है।

रामनवमी शोभायात्रा के दौरान शक्तिपुर के अलावा जिले के माणिक्यहार इलाके में भी हमला किया गया। उपद्रवियों ने माणिक्यहार इलाके में कई घरों व दुकानों में आगजनी, लूटपाट भी की। शक्तिपुर में घर की छत से उपद्रवियों ने शोभायात्रा पर पथराव शुरू कर दिया। शोभायात्रा को निशाना बनाकर बम भी फेंके गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। तृणमूल समर्थित उपद्रवियों पर शोभायात्रा पर हमला करने का आरोप लगा है।

भाजपा ने ममता को ठहराया जिम्मेदार

हिंसा की घटना के लिए भाजपा ने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख तथा राज्य के सह प्रभारी अमित मालवीय ने कहा है कि हिंसा की इस घटना के लिए ममता बनर्जी का लोगों को उकसाने वाला भड़काऊ भाषण जिम्मेदार है, जो पिछले कुछ दिनों से वह लगातार अपनी सभाओं में दे रही थीं।

वहीं, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि ममता की पुलिस एक बार फिर हिंसा पर काबू पाने में विफल रही है। सरेआम हिंदुओं पर हमला किया गया और उनकी पुलिस मूकदर्शक बनी रही। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने हिंसा की घटना की एनआईए जांच की मांग की है।

दूसरी ओर मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज व हॉस्पिटल में घायलों को देखने पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने गो बैक के नारे लगाए। इस दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। अधीर पर एक भाजपा नेता को धक्का देने का आरोप है।

यह भी पढ़ें- मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में 10 साल में 86 गुना बढ़ी ईडी की छापेमारी, BJP शासन के दौरान तलाशी और जब्ती अभियान में आई तेजी

यह भी पढ़ें- Kerala: केरल में विदेशी पर्यटकों ने फलस्तीन समर्थक बैनर को किया नष्ट, पुलिस ने दर्ज किया केस

chat bot
आपका साथी