Bengal BJP: पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को बंगाल भाजपा अध्यक्ष का कड़ा संदेश, कहा- हम चुप बैठने वाले नहीं

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने डा सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कड़ा संदेश दिया। पार्टी छोड़नेवाले विधायकों व सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में जाने का मन बना रहे नेताओं को संदेश देते हुए मजूमदार ने कहा कि आप लोग यह न सोचें कि हम खामोशी से हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे।

By Vijay KumarEdited By: Publish:Fri, 01 Oct 2021 11:05 PM (IST) Updated:Fri, 01 Oct 2021 11:05 PM (IST)
Bengal BJP: पार्टी छोड़ने वाले नेताओं को बंगाल भाजपा अध्यक्ष का कड़ा संदेश, कहा- हम चुप बैठने वाले नहीं
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने डा सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कड़ा संदेश दिया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी में मची भगदड़ व कई विधायकों के पार्टी छोड़ने के बीच नए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बने डा सुकांत मजूमदार ने शुक्रवार को कड़ा संदेश दिया। पार्टी छोड़नेवाले विधायकों व सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस में जाने का मन बना रहे नेताओं को संदेश देते हुए मजूमदार ने कहा कि आप लोग यह न सोचें कि हम खामोशी से हाथ पर हाथ धरे बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के नाते सभी लोगों के विचारों व शिकायतों को सुनने के लिए मैं तैयार हूं, लेकिन कोई यह सोच रहा है कि वह पार्टी के साथ दगाबाजी करेगा और हम चुप रहेंगे, तो ऐसा नहीं है।

गौरतलब है कि इन दिनों प्रदेश भाजपा में भगदड़ मची हुई है। भाजपा छोड़नेवाले विधायकों की संख्या बढ़ती जा रही है। इसके मद्देनजर स्थिति पर काबू पाने व कुनबा बचाने के लिए शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतरना पड़ा।

विधायक दल की बैठक बुलाकर इस दिन तीनों वरिष्ठ नेताओं ने अपने सभी विधायकों के साथ विधानसभा में चर्चा की और पार्टी में एकजुटता का संदेश देते हुए सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के खिलाफ मजबूती से लड़ने का आह्वान किया। हालांकि मजूमदार जब बैठक में पार्टी के विधायकों को एकजुटता का संदेश दे रहे थे, तो दूसरी ओर रायगंज के भाजपा विधायक कृष्ण कल्याणी पार्टी छोड़ने का एलान कर रहे थे। बैठक में भाजपा के 64 विधायक मौजूद थे। छह विधायक अनुपस्थित थे। इनमें से कुछ स्वास्थ्य कारणों से गैरहाजिर थे।

तृणमूल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेगी भाजपा

बैठक में विधायकों से मुखातिब होते हुए सुकांत ने कहा कि विधानसभा के बाहर मैं और विधानसभा के अंदर सुवेंदु अधिकारी और हमलोगों के ऊपर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष मिलकर तृणमूल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे। आनेवाले दिनों में भाजपा कौन सी रणनीति के साथ आगे बढ़ेगी, इसका मास्टर प्लान भी बनाया गया। इसके साथ ही सभी को साफ संदेश दिया गया कि वह किसी भी मुद्दे पर बात करने को तैयार हैं, लेकिन अनुशासन की बात पर किसी भी तरह का समझौता करने को तैयार नहीं हैं। इस मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जायेगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष का सम्मान भी हुआ

दूसरी ओर, कोलकाता के ईजेडसीसी सभागार में इस दिन नए प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को सम्मानित भी किया गया। प्रदेश भाजपा की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसमें दिलीप घोष समेत सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। इस दौरान 2021 के विधानसभा चुनाव में मिली हार को लेकर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने एक बार फिर कहा कि हम लोगों को समझ नहीं पाए। वहीं, नंदीग्राम से विधायक सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि पार्टी की संगठनात्मक कमजोरी के चलते भाजपा जीत नहीं पाई।

chat bot
आपका साथी