भाजपा नेत्री रूपा गांगुली की सभा में हमला

कोलकाता नगर निगम का चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक हमले तेज होने लगे हैं। मंगलवार को अलीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान फिल्म अभिनेत्री व भाजपा नेत्री रूपा गांगुली की सभा में कुछ लोगों ने हमला बोल दिया।

By Bhupendra SinghEdited By: Publish:Wed, 15 Apr 2015 12:20 AM (IST) Updated:Wed, 15 Apr 2015 12:23 AM (IST)
भाजपा नेत्री रूपा गांगुली की सभा में हमला

जागरण संवाददाता, कोलकाता। कोलकाता नगर निगम का चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक हमले तेज होने लगे हैं। मंगलवार को अलीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान फिल्म अभिनेत्री व भाजपा नेत्री रूपा गांगुली की सभा में कुछ लोगों ने हमला बोल दिया। पुलिस की मौजूदगी में ही रूपा को मंच से धक्का देकर गिराने का प्रयास किया गया। इसके बाद हमलावरों ने मंच पर तोडफ़ोड़ की और उनके बारे में अपशब्द कहे। भाजपा नेत्री के वाहन में तोडफ़ोड़ की गई और उनके चालक को भी मारा-पीटा गया। रूपा ने घटना के पीछे तृणमूल समर्थकों का हाथ बताया है। रूपा अलीपुर क्षेत्र के गोपालनगर के 74 नंबर वार्ड में पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करने पहुंची थी।

शाम को आयोजित जनसभा को संबोधित करने जैसे ही वह मंच पर चढ़ी तो वहां पहले से मौजूद कुछ महिलाओं और युवकों ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिराने का प्रयास किया लेकिन भाजपा समर्थकों ने उन्हें संभाल लिया। इसके बाद उन लोगों ने मंच पर लगे माइक को तोड़ दिया और रूपा को गाली-गलौज करने लगे। हमलावरों ने उनकी गाड़ी में भी तोडफ़ोड़ की और चालक को बेरहमी से पीटा। इससे सभास्थल में अफरातफरी मच गई। भाजपा नेत्री का आरोप है कि इस हमले के पीछे तृणमूल समर्थकों का हाथ है इसलिए पूरी घटना के दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी रही। हालांकि बाद में भारी पुलिस बल ने पहुंचकर किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। रूपा ने अलीपुर थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है।

रूपा ने कहा कि उन्हें अलीपुर में ममता सरकार का नया रूप देखने को मिला। तृणमूल समर्थकों ने उन्हें मंच से गिराने का प्रयास किया। इस घटना से उनका हौसला टूटा नहीं बल्कि और बढ़ा है। अब वे निश्चित रूप से इस राज्य को बदलकर रहेंगी। घटना के बाद भाजपा के बंगाल प्रभारी सिद्धार्थ नाथ सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि यह घटना दिखाती है कि ममता और तृणमूल भाजपा से घबरा गई है इसलिए इस तरह की गुंडागर्दी कर रही है। बंगाल का हाल 'लालू के जंगलराज से ज्यादा बुरा हो गया है।

chat bot
आपका साथी