भाजयुमो कार्यकर्ताओं का 'आर नोई अन्याय' अभियान, बंगाल को अत्याचार मुक्त बनाने का लिया संकल्प

बंगाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा (Bharatiya Janata Yuva Morcha ) की ओर से आर नोई अन्याय अभियान के तहत रैली निकाली गयी। यह अभियान राज्‍य में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ चलाया जा रहा है।

By Babita kashyapEdited By: Publish:Sat, 05 Dec 2020 08:45 AM (IST) Updated:Sat, 05 Dec 2020 08:45 AM (IST)
भाजयुमो कार्यकर्ताओं का 'आर नोई अन्याय' अभियान, बंगाल को अत्याचार मुक्त बनाने का लिया संकल्प
बंगाल में भारतीय जनता युवा मोर्चा का 'आर नोई अन्याय' अभियान

कोलकाता, राज्य ब्यूरो। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से बंगाल में 'आर नोई अन्याय' अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर स्थित तालपुकुर गेट से जफरपुर मोड़ तक शुक्रवार को एक रैली निकाली गयी। रैली का नेतृत्व भाजयुमो के नवद्वीप जोन के ऑब्ज़र्वर प्रियांगू पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष उमा शंकर सिंह व युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सागर राय ने किया। 

 यह अभियान बंगाल में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस की कथित गुंडागर्दी के खिलाफ चलाया जा रहा है। रैली में युवा नेता रवि सिंह, विकास सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व समर्थकों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजयुमो के नवद्वीप जोन के आब्जर्वर प्रियांगू पांडे ने कहा कि राज्य में अन्याय, अत्याचार का शासन खत्म होगा और 2021 में भाजपा की सरकार बनेगी। मोदीजी का सपना राज्य को फिर से ‘सोनार बांग्ला’ बनाना है, जो हम बना कर रहेंगे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस की सरकार ने बंगाल में विकास को ठप कर दिया है और बेरोजगारी, गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार व सिंडिकेट से लोग परेशान हैं। 

 उल्लेखनीय है कि राज्य में अगले साल अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस व विपक्षी भाजपा अभी से जोर शोर से अपनी चुनावी तैयारियों में जुटी हुई है। इस बार मुख्य मुकाबला तृणमूल व भाजपा के बीच माना जा रहा है। दरअसल पिछले साल हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 42 में से 18 सीटों पर जीत दर्ज कर तृणमूल को तगड़ा झटका दिया था। इसके बाद से भाजपा कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं। बंगाल फतह के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से लेकर राज्य में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता चुनाव को लेकर बेहद सक्रिय हैं। तृणमूल कांग्रेस को इस बार भाजपा से कड़ी टक्कर मिल रही है। इसको देखते हुए तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी