थमा चुनावी शोर, मतदान कल

By Edited By: Publish:Fri, 12 Sep 2014 05:41 AM (IST) Updated:Fri, 12 Sep 2014 12:46 AM (IST)
थमा चुनावी शोर, मतदान कल

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। सारधा कांड की सीबीआइ जांच में एक के बाद एक तृणमूल कांग्रेस नेताओं से पूछताछ व कुछ की गिरफ्तारी के बीच शनिवार को विधानसभा की दो सीटों पर उपचुनाव होने जा रहा है जो राज्य की भावी राजनीतिक दशा-दिशा को तय करेगा। दोनों विधानसभा सीटों के लिए चुनाव प्रचार गुरुवार शाम समाप्त हो गया। चुनाव प्रचार में भाजपा, तूणमूल कांग्रेस, कांग्रेस और माकपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी थी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 7 सितंबर को चौरंगी में सभा को संबोधित किया और दोनों सीटों पर भाजपा को जिताने की अपील की। तृणमूल कांग्रेस के सांसद व मुख्यमंत्री के भतीजा अभिषेक बनर्जी और पार्टी के महासचिव मुकुल राय ने चुनावी सभा को संबोधित किया। दूसरी ओर चुनाव आयोग ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है। शुक्रवार की शाम तक सभी बूथों पर चुनाव कर्मी व केंद्रीय बल पहुंच जाएंगे। इस बीच केंद्रीय बलों की रूट मार्च शुरू हो चुकी है।

हर बूथ पर केंद्रीय बल, पर्यवेक्षक, वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई है। बाहरी लोगों की निगरानी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मुख्य चुनाव अधिकारी सुनील गुप्ता ने कहा कि तैयारी पूरी हो चुकी है और निष्पक्ष व निर्बाध संपन्न कराने लिए आयोग तत्पर है।

माकपा व कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपने-अपने उम्मीदवारों के समर्थन में सभाएं की व वोट मांगें। सभी दलों के वरिष्ठ नेताओं के चुनाव प्रचार में उतरने के बावजूद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार प्रचार से दूर रहीं। उन्होंने दोनों क्षेत्रों में से किसी में भी सभा नहीं की। सीबीआई जांच में तृणमूल कांग्रेस से पूछताछ व कुछ की गिरफ्तारी के दबाव में ममता के चुनाव प्रचार से दूर रहने की चर्चा है।

हालांकि ममता ने पहले ही चौरंगी और बसीरहाट दक्षिण के लिए दो अलग-अलग टीम गठित की थी। उन्होंने टीम के सदस्यों को चुनाव प्रचार से लेकर मतदान तक विशेष जिम्मेदारी सौंपी है।

लोकसभा चुनाव में दोनों सीटों पर तृणमूल कांग्रेस के मत प्रतिशत में गिरावट आयी है। चौरंगी में तृणमूल कांग्रेस को कांग्रेस से कम वोट मिले थे। बसीरहाट दक्षिण में तृणमूल कांग्रेस को भाजपा की तुलना में 30 हजार वोट कम मिले। महानगर की चौरंगी विधानसभा सीट से रितेश तिवारी व बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट के लिए शमिक भंट्टाचार्य भाजपा उम्मीदवार हैं। तृणमूल कांग्रेस ने चौरंगी से सुदीप बंद्योपाध्याय की पत्नी नयना बंद्योपाध्याय और बसीरहाट दक्षिण से फुटबालर दिपेंदू विश्वास को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने कोलकाता नगर निगम के पार्षद संतोष पाठक को चौरंगी से व असित मजूमदार को बसीरहाट दक्षिण से उम्मीदवार बनाया है। माकपा ने चौरंगी से फैयाज अहमद खान और बसीरहाट दक्षिण से मृणाल चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया है। चारों प्रमुख दलों ने अपने कद्दावर नेताओं को चुनाव मैदान में उतारा है। लगभग 6 लाख से अधिक मतदाता 13 सितंबर को उम्मीदवारों की तकदीर इवीएम में बंद कर देंगे।

मुख्य चुनाव अधिकारी कार्यालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि शांतिपूर्ण निष्पक्ष चुनाव के लिए पूरी तैयारी की गयी है। सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात रहेंगे। मतगणना 16 सितंबर को होगी और उसी दिन चुनाव नतीजा घोषित कर दिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि माकपा विधायक नारायण मुखोपाध्याय के निधन से बसीरहाट दक्षिण विधानसभा सीट रिक्त हुई है। तृणमूल कांग्रेस की निलंबित विधायक शिखा मित्रा के इस्तीफा देने से चौरंगी विधानसभा सीट रिक्त हुई है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार होने जा रहे दो विधानसभा क्षेत्रों का उप चुनाव राजनीतिक दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।

हर चुनाव में जीत दर्ज करने वाली सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए यह उप चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल है। लोकसभा चुनाव में दो सीटों पर जीतने के साथ भाजपा का मत बढ़ कर 17 प्रतिशत तक पहुंच गया है। दक्षिण बसीरहाट सीट पर भी भाजपा को बढ़त मिली थी। साथ ही चौरंगी विधानसभा क्षेत्र के कुछ इलाकों में भी भाजपा की बढ़त मिली है। इसे लेकर भाजपा उत्साहित है और 2016 के विधानसभा चुनाव के पहले उप चुनाव में ही खाता खोलने की उम्मीद देख रही है।

chat bot
आपका साथी