अमित शाह के कमान संभालने से बंगाल भाजपा उत्साहित

By Edited By: Publish:Thu, 10 Jul 2014 06:20 AM (IST) Updated:Thu, 10 Jul 2014 01:35 AM (IST)
अमित शाह के कमान संभालने से बंगाल भाजपा उत्साहित

जागरण संवाददाता, कोलकाता। गुजरात के चमत्कारी संगठक और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विश्वस्त सिपहसलार अमित शाह के भाजपा की राष्ट्रीय कमान संभालने से पश्चिम बंगाल में कार्यकर्ताओं के हौसले बुलंद हैं। बुधवार प्रदेश भाजपा मुख्यालय के बाहर मिठाईयां बटीं और कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। दिल्ली से शाह की ताजपोशी की खबर आज दिन में आते ही भाजपा मुख्यालय के बाहर उनकी एक विशाल कटआउट लगा दी गई, फिर शुरू हुआ एक दूसरे को बधाई देने और मिठाई खिलाने का क्रम।

प्रदेश भाजपा के सचिव कमल बेरीवाल ने कहा कि अमित शाह का नेतृत्व जांचा परखा है। युवाओं पर उनकी अच्छी पकड़ है। उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने से बंगाल में युवाओं की सदस्यता अभियान में तेजी आ सकती है। बेरावाल ने कहा कि शाह के अनुभवी संगठक होने से बंगाल भाजपा को इसका विशेष लाभ मिल सकता है। 2015 में कोलकाता नगर निगम तथा 2016 में राज्य विधानसभा के चुनाव होने हैं। इसलिए शाह को बंगाल सहित उन राज्यों पर विशेष फोकस करना होगा जहां पार्टी सांगठनिक तौर पर कम मजबूत है।

उल्लेखनीय है कि बुधवार दिल्ली मे भाजपा की संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष व गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने अमित शाह को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की।

chat bot
आपका साथी