अवैध हथियार बनाने के कारखाने भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

-बड़ी तादाद में हथियार व उन्हें तैयार करने के सामान जब्त -गिरफ्तार दोनों मूल रूप से बिहार के मुंग

By JagranEdited By: Publish:Sun, 24 Jan 2021 05:09 PM (IST) Updated:Sun, 24 Jan 2021 05:09 PM (IST)
अवैध हथियार बनाने के कारखाने भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
अवैध हथियार बनाने के कारखाने भंडाफोड़, दो गिरफ्तार

-बड़ी तादाद में हथियार व उन्हें तैयार करने के सामान जब्त

-गिरफ्तार दोनों मूल रूप से बिहार के मुंगेर के रहने वाले

संवाद सूत्र, मालदा: मालदा जिला पुलिस ने कालियाचक थाना क्षेत्र में अवैध हथियार कारखाने का भंडाफोड़ किया है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके नाम मोहम्मद आजम (32) और मोहम्मद फारूक आलम (32) बताए गए हैं। दोनों मूल रूप से बिहार के मुंगेर के रहने वाले हैं और बंदूक बनाने में माहिर हैं। दोनों से पूछताछ कर उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाने की कोशिश की जा रही है। यह घटना मालदा जिले के कालियाचक थाने के अलीपुर एक नंबर ग्राम पंचायत स्थित करारी चांदपुर गांव की है।

जिला पुलिस अधीक्षक अलोक राजोरिया ने रविवार सुबह इसकी जानकारी देते हुए कहा कि गुप्त सूचना के आधार पर कालियाचक थाना इलाके में अभियान चलाया गया था। यहां हथियार कारखाने में छापामारी की और वहा से बड़ी तादाद में हथियार जब्त किए। साथ ही हथियार तैयार करने के कई सामान जब्त किए गए हैं। गिरफ्तार लोगों के खिलाफ आम्र्स एक्ट के साथ अन्य गैरजमानती धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। जिस मकान में वह कारखाना चल रहा था, उसका मालिक फरार है। उसकी तलाश में छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। वह सत्तारूढ़ तृणमूल काग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है। हथियार कारखाने को सील कर दिया गया है। पकड़े गए आरोपी में एक को 2017 में हथियार कारोबार करने के आरोप में गिरफ्तार किया जा चुका है।

इस पूरे मामले को लेकर भाजपा के जिलाध्यक्ष अजय गांगुली ने कहा कि बाहर से लोगों को लाकर यहां अवैध तरीके से हथियार बनवाए जा रहे हैं। चुनाव आयोग के आने से पुलिस पर दबाव बढ़ा है, इसलिये इस प्रकार के अभियान चलाए जा रहे हैं। सत्ताधारी पार्टी के लोग चुनाव के समय में इन हथियारों का इस्तेमाल कर सकते हैं। वहीं जिला तृणमूल कांग्रेस के को-ऑर्डिनेटर दुलाल सरकार ने कहा कि हथियार बनाने के आरोप में कालियाचक से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों बिहार के मुंगेर के निवासी हैं। बिहार में भाजपा की सरकार है। वहीं इस प्रकार का कारोबार चलता है। भाजपा ही इस प्रकार की साजिश कर राज्य सरकार को बदनाम करने की साजिश रच रही है।

गौरतलब है कि मालदा में इससे पहले भी अवैध हथियार तैयार करने के कई कारखानों का भंडाफोड़ हो चुका है और बहुत सी गिरफ्तारिया भी हुई हैं।

chat bot
आपका साथी