भाजपा को एक भी वोट न दें : किसान मोर्चा

-किसान आंदोलन के नेता उत्तर बंगाल में जगह-जगह कर रहे प्रचार -आम जनों से कह रहे कि भ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Apr 2021 09:27 PM (IST) Updated:Wed, 07 Apr 2021 09:27 PM (IST)
भाजपा को एक भी वोट न दें : किसान मोर्चा
भाजपा को एक भी वोट न दें : किसान मोर्चा

-किसान आंदोलन के नेता उत्तर बंगाल में जगह-जगह कर रहे प्रचार

-आम जनों से कह रहे कि भाजपा को छोड़ कर जिसे चाहें उसे वोट दें जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : गत चार महीने से दिल्ली-हरियाणा सीमा क्षेत्र में लगातार जारी किसान आंदोलन के विभिन्न संगठनों के संयुक्त किसान मोर्चा के कई प्रतिनिधि इन दिनों उत्तर बंगाल में डेरा जमाए हुए हैं। वे जगह-जगह जा कर बैठक, सभा व ट्रैक्टर रैली आदि द्वारा प्रचार कर आम लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कहीं भी भाजपा को एक भी वोट नहीं दें। वे जिसे चाहें वोट दे दें पर भाजपा को एकदम वोट न दें। भाजपा आम गरीबों, मजदूरों, किसानों के हितों की विरोधी व पूंजीपतियों की संरक्षक पार्टी है।

इसे लेकर उपरोक्त किसान आंदोलन प्रतिनिधियों ने बुधवार को यहां सिलीगुड़ी जर्नलिस्ट्स क्लब में संवाददाता सम्मेलन किया। इसमें देश की जानी-मानी सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर, संयुक्त किसान के मोर्चा की संयोजन समिति के सदस्य योगेंद्र यादव, डॉ. सुनीलम, अभिक साहा, तेजिंदर सिंह विर्क व तेजिंदर सिंह बल आदि शामिल रहे।

इस अवसर पर मेधा पाटकर ने कहा कि हम बंगाल में किसी भी पार्टी का समर्थन करने नहीं आए हैं। मगर, किसान विरोधी, मजदूर विरोधी, गरीब विरोधी व आम आदमी विरोधी भाजपा का विरोध करने जरूर आए हैं। हम बंगाल के किसानों व आम लोगों को यह बताने आए हैं कि देश की भाजपा सरकार किसान विरोधी कितने घातक नए-नए कानून लाई है। उससे किसानों का सब कुछ पूंजीपतियों का बंधक हो कर रह जाएगा। इसलिए भाजपा से होशियार रहना जरूरी है। वह केवल पूंजीपतियों के हितों की रक्षक है। गरीब, मजदूर, किसानों व आम लोगों से उसे कुछ भी लेना-देना नहीं है।

उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि पूरी केंद्र सरकार ही इन दिनों बंगाल में ही डेरा जमाए हुए है इसीलिए हम लोग भी बंगाल में आए हैं। दिल्ली में तो केंद्र सरकार ने हमारी नहीं सुनी तो कम से कम यहीं सुन ले। हमने यहां के अपने किसान भाइयों से अपील की है कि भाजपा वाले जब आपसे वोट मांगने आएं तो उनसे आप दिल्ली की सीमा पर किसानों संग हुए अत्याचार व किसान विरोधी कानूनों का पूरा-पूरा हिसाब जरूर लें। उसके बाद आप जिसे चाहें वोट दें पर भाजपा को कदापि वोट न दें। इस दिन संवाददाता सम्मेलन में संयुक्त किसान मोर्चा के स्थानीय समर्थक अन्य कई लोग सम्मिलित रहे।

chat bot
आपका साथी