भारी बारिश व भू-स्खलन से एनएच 31 ठप
भारी बारिश व भू स्खलन से मोंगपोंग फाटक के समीप एनएच 31 बंद ठप हो गया है।
संसू, कालिम्पोंग : भारी बारिश व भू स्खलन से मोंगपोंग फाटक के समीप एनएच 31 बंद ठप हो गया है। पीडब्ल्यूडी विभाग राजमार्ग खोलने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है लेकिन बारिश की वजह से काम प्रभावित हो रहा है। मोंगपोंग पुलिस चौकी के प्रभारी लक्समन पोकरेल ने कहा कि देर रात तक राजमार्ग छोटी गाडि़यों के लिए खुलने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक भारी बारिश से तीस्ता का जलस्तर बढ़ गया है। इससे एनएच 31 का नदी की ओर वाला हिस्सा दब गया है। इतना ही नहीं पहाड़ से व्यापक मात्रा में भू-स्खलन हो रहा है। इससे राजमार्ग बंद हो गया है। इस वजह से बाघपुल होकर डुवार्स क्षेत्र की ओर जाने वाली गाडि़यों का आवागमन ठप है। कई गाडि़यां गाजलडोबा होकर चल रही हैं। बाघपुल होकर कालिम्पोंग आने वाली गाडि़यां भी गोरुबथान होकर चल रही हैं।
दरअसल भू-स्खलन प्रभावित इस क्षेत्र में मॉनसून से पहले जाली लगाकर दीवार निर्माण का काम चल रहा था। राजमार्ग 31 का तीस्ता नदी से सटा हिस्सा भारी बारिश की वजह से नदी की ओर दबने लगा है। इस बीच पिछले महीने ही इस स्थल पर भू-स्खलन हुआ था। इससे राजमार्ग का एक हिस्सा तीस्ता में समा गया था। हालांकि, इस मार्ग से यात्री जोखिम उठाकर चलते रहे। मंगलवार की सुबह से पीडब्ल्यूडी विभाग का दो जेसीबी रास्ता ठीक करने में लगा रहा है। लगातार बारिश की वजह से पहाड़ के भू-स्खलन क्षेत्र से पानी गिरने का सिलसिला जारी है। इससे समस्या और भड़ गई है। देर शाम रास्ते का एक हिस्सा खोलकर एक-दो गाडि़यों को पास कराया गया लेकिन एक पिकअप का एक्सेल भू-स्खलन छेत्र में ही टूट गया है। इससे राजमार्ग पूर्ण रूप से ठप हो गया है। यह राजमार्ग डुवार्स क्षेत्र को सिलीगुड़ी से जोड़ता है। सिलीगुड़ी से असम जाने वाली गाडि़या इसी रास्ते चलती हैं।