नहीं रहे तृणमूल नेता व पार्षद कृष्णचंद्र पाल

- पूरे शहर में शोक की लहर -दिन भर नर्सिग होम में बनी रही गहमा-गहमी -पार्टी नेताओं अ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 18 Sep 2019 09:39 PM (IST) Updated:Wed, 18 Sep 2019 09:39 PM (IST)
नहीं रहे तृणमूल नेता व पार्षद कृष्णचंद्र पाल
नहीं रहे तृणमूल नेता व पार्षद कृष्णचंद्र पाल

- पूरे शहर में शोक की लहर

-दिन भर नर्सिग होम में बनी रही गहमा-गहमी

-पार्टी नेताओं और समर्थकों की उमड़ी भीड़

- आज पूरे सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व सिलीगुड़ी नगर निगम वार्ड नंबर 23 के पार्षद कृष्णचंद्र पाल का निधन हो गया। उन्होंने बुधवार को सिलीगुड़ी के एक नर्सिग होम में अंतिम सांस ली। पाल मस्तिष्क संबंधी बीमारी से पिछले कुछ महीनों से जूझ रहे थे। उनकी मौत की खबर सुनते ही वार्ड नंबर 23 समेत पूरे सिलीगुड़ी में शोक की लहर है। कृष्णचंद्र पाल अपने पीछे पत्नी व एक बेटा छोड़ गए हैं। पाल के असामयिक निधन पर राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव, सिलीगुड़ी के मेयर अशोक भट्टाचार्य, नगर निगम के चेयरमैन दिलीप सिंह, उप मेयर रामभजन महतो, सिलीगुड़ी नगर निगम में विपक्ष के नेता रंजन सरकार उत्तर बंगाल विकास मंत्री रविंद्र नाथ घोष, भाजपा सिलीगुड़ी सांगठनिक इकाई के अध्यक्ष अभिजीत राय चौधरी समेत अन्य नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त कर उन्हें श्रद्धांजलि दी है। कृष्ण चंद्र पाल नगर निगम के कर्मठ पार्षद के अलावा सरकारी व गैर सरकारी कई संस्थाओं में अपने दायित्व को निभा रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार कृष्ण चंद्र पाल के मस्तिष्क संबंधी बीमारी का इलाज दिल्ली व कोलकाता में भी हुआ था। दो दिन पहले स्थिति खराब होने से उन्हें सिलीगुड़ी के एक नर्सिग होम में भर्ती कराया गया था। बुधवार को उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर मंत्री गौतम देव ने दो-दो बार नर्सिग होम में जाकर उनके स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का पूरा प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने नर्सिग होम में शाम लगभग 04:40 बजे अंतिम सांस ली। उनकी मौत की खबर सुनते ही काफी संख्या में लोग नर्सिग होम के पास इकट्ठा हो गए। तृणमूल कांग्रेस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार नर्सिग होम से उनका पार्थिव शरीर गुरुवार की सुबह नौ बजे वार्ड नंबर 23 अंतर्गत उनके घर ले जाया जाएगा। उनके घर से उनका पार्थिव 09:30 बजे सूर्यनगर फ्रेंड्स यूनियन क्लब, सुबह 10 बजे वार्ड नंबर 23 वार्ड कार्यालय, 10:30 बजे हाथियाडांगा बिमल विद्यामंदिर, 11 बजे सूर्यसेन कॉलेज, 11:30 बजे सिलीगुड़ी कॉलेज, 12 बजे सिलीगुड़ी नगर निगम, 12:30 बजे आरटीओ ऑफिस, दोपहर 01:00 बजे हॉकर्स कार्नर, 01:30 सिलीगुड़ी महकमा क्रीड़ा परिषद व दो बजे लोगों के अंतिम दर्शन के लिए दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस पार्टी कार्यालय ले जाया जाएगा। पार्टी कार्यालय से दोपहर 02:30 बजे किरणचंद्र श्मशान घाट पर ले जाया जाएगा, जहां पूरे सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार होगा।

कर्मठ नेता थे पाल-अशोक भट्टाचार्य

मेयर अशोक भट्टाचार्य का काहना है कि कृष्णचंद्र पाल काफी कर्मठ नेता थे। उनके साथ भले ही राजनीतिक मतभेद रहा हो,लेकिन वह काफी लोकप्रिय नेता थे। वह नगर निगम की बैठक में आमलोगों से जुड़े मुद्दों को बढ़ चढ़ कर उठाते थे। उनके निधन से ना केवल उनके 23 नंबर वार्ड बल्कि सिलीगुड़ी शहर को काफी नुकसान हुआ है। छोटे भाई के समान थे-रवींद्रनाथ

उत्तर बंगाल विकास मंत्री रवींद्रनाथ घोष का कहना है कि कृष्णचंद्र पाल उनके छोटे भाई के समान थे। लगता है परिवार के एक सदस्य को खो दिया। वह उनका काफी सम्मान करते थे। जनता के सुख दुख में हमेशा साथ रहते थे। उनके निधन से काफी नुकसान हुआ है। बहुत बड़ा नुकसान-गौतम देव

राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव का कहना है कि कृष्णचंद्र पाल के निधन से तृणमूल कांग्रेस को बड़ा भारी नुकसान हुआ है। वह दार्जिलिंग जिला तृणमूल कांग्रेस कोर कमेटी के सदस्य थे। पाल के निधन से वह व्यक्तिगत रूप से काफी आहत हैं। उनकी कमी कभी भी पूरी नहीें हो सकती। संवाददताओं से बात करते-करते गौतम देव रोने भी लगे।

chat bot
आपका साथी