नगर निगम के अस्थायी कर्मचारियों का बढ़ा दैनिक वेतन

सिलीगुड़ी नगर निगम के मासिक बोर्ड बैठक में निगम के अस्थायी कर्मचारियों के वेतन में वृध्दि कर दिए जाने की घोषणा से उनमें खुशी का माहौल है। यह घोषणा सोमवार को हुई बोर्ड की मीटिंग में लिया गया।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 26 Feb 2019 12:45 AM (IST) Updated:Tue, 26 Feb 2019 12:45 AM (IST)
नगर निगम के अस्थायी कर्मचारियों का बढ़ा दैनिक वेतन
नगर निगम के अस्थायी कर्मचारियों का बढ़ा दैनिक वेतन

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी नगर निगम के मासिक बोर्ड बैठक में निगम के अस्थायी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। सोमवार को नगर निगम के मासिक बोर्ड मीटिंग में मेयर अशोक भट्टाचार्य ने घोषणा करते हुए कहा कि जिन अस्थायी कर्मचारियों का दैनिक वेतन 230 रुपये है, उनका वेतन 270 किया गया है। वहीं जिनका 235 रुपये है, उन्हें 275 तथा जिनका 240 रुपये दैनिक वेतन है, उन्हें 280 रुपये दिया जाएगा। इसके अलावा नगर निगम के गैर-कुशल मजदूरों की मजदूरी से 269 रुपये बढ़ाकर 280 रुपये किया गया है।

बोर्ड मीटिंग से मेयर ने कहा कि अस्थायी कर्मचारियों को स्थाई करने के लिए बार-बार राज्य सरकार को पत्र देने के बाद भी इस दिशा में कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। इसलिए नगर निगम खुद इनका वेतन बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल नगर निगम को अस्थाई कर्मचारियों के वेतन में एक करोड़ 40 लाख रुपये लगभग खर्च करना पड़ता था। इस बढ़ोत्तरी के बाद 28 लाख रुपये के लगभग और अतिरिक्त खर्च करना पड़ेगा।

इसके अलावा मेयर ने अस्थाई महिला कर्मचारियों के मातृत्व छुट्टी में भी बढ़ोत्तरी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मातृत्व छुट्टी एक महीने से बढ़ाकर तीन महीने कर दिया गया है।

बोर्ड मीटिंग से प्रमुख विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस के अनुपस्थिति के बीच मेयर ने राज्य सरकार द्वारा नगर निगम के विकास में सहयोग नहीं करने मुद्दा एक बार फिर से उठाते हुए कहा कि तमाम असहयोग के बावजूद वह नगर निगम के विकास के लिए काम करते जा रहे हैं।

मेयर ने कहा कि सिलीगुड़ी को ग्रीन मिशन परियोजना से वंचित कर दिया गया था। इस परियोजना में शामिल करने के लिए पत्र लिखने के बाद प्रशासनिक अप्रूवल दिया गया। इसके अलावा 10 करोड़ रुपये स्वीकृत करने भी प्रशासनिक अनुमति प्रदान की गई। मिलने वाली इस राशि से शहर के विभिन्न रास्तों पर ग्रीन बेल्ट लगाया जाएगा। वहीं पौधे लगाए जाएंगे, तथा इसे बचाने के गमले लगाए जाएंगे। शहर के सूर्यसेन पार्क, बाघाजतीन पार्क व किरण चंद्र श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण किए जाएंगे। इसके अलावा शहर में लगाए गए विभिन्न महापुरुषों के प्रतिमाओं को सौंदर्यीकरण किया जाएगा। महांनदा नदी के रिवर फ्रंट का विकास किया जाएगा।

-प्रमुख विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस बोर्ड मीटिंग से रहे अनुपस्थित

सोमवार को नगर निगम के मासिक बोर्ड बैठक से प्रमुख विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस अनुपस्थित रही। बोर्ड बैठक में वाम मोर्चा पार्षदों के अलावा भाजपा दोनों पार्षद व कांग्रेस के चार में से दो पार्षद उपस्थित रहे।

बोर्ड मीटिंग में शामिल नहीं होने के बारे में नगर निगम में विपक्ष के नेता रंजन सरकार ने कहा कि पहले 22 फरवरी को बोर्ड मीटिंग होने की बात थी। फिर इसे 25 फरवरी कर दिया गया। जबकि 25 फरवरी को तृणमूल कांग्रेस का पहले से कोलकाता में कार्यक्रम निर्धारित था। उन्होंने आरोप लगाया कि मेयर नहीं चाहते थे कि बोर्ड बैठक में विपक्ष शामिल रहे, इसलिए चोरी-छुपे बोर्ड बैठक कर कई महत्वपूर्ण निर्णय ले लिया गया। सरकार ने कहा कि नगर निगम के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ है कि विपक्ष के अनुपस्थिति में बोर्ड बैठक किया गया है। यह गणतंत्र के खिलाफ है। बोर्ड के इस गणतंत्र विरोधी नीतियों के खिलाफ एक मार्च को मेयर के कार्यालय के समक्ष तृणमूल कांग्रेस पार्षदों द्वारा धरना दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी