चार अस्पतालों में देर रात गहराया ऑक्सीजन संकट

काशीपुर में नगर के चार अस्पतालों में मंगलवार देर रात ऑक्सीजन का संकट गहरा गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 12:06 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 12:06 AM (IST)
चार अस्पतालों में देर रात गहराया ऑक्सीजन संकट
चार अस्पतालों में देर रात गहराया ऑक्सीजन संकट

जागरण संवाददाता, काशीपुर : नगर के चार अस्पतालों में मंगलवार देर रात ऑक्सीजन का संकट गहरा गया। सिर्फ चंद घंटों की ऑक्सीजन बची थी। ऐसे में अस्पताल संचालकों ने रिजर्व से निकाल कर मरीजों को ऑक्सीजन दी। साथ ही संयुक्त मजिस्ट्रेट से मिलकर मदद की गुहार लगाई। संयुक्त मजिस्ट्रेट ने ऑक्सीजन प्लांट संचालकों को सुबह आठ से शाम छह बजे तक काशीपुर के अस्पतालों को भरपूर ऑक्सीजन उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने नगर के 10 अस्पतालों को कोविड अस्पताल में परिवर्तित किया है। इन अस्पतालों में कुछ एक बेड्स को छोड़ कर अधिकांश पर मरीज भर्ती हैं। सभी अस्पतालों में तमाम मरीज ऑक्सीजन के सहारे जिदा हैं। तीमारदार और डॉक्टर मरीजों की जान बचाने में जुटे हुए हैं। इसी बीच मंगलवार देर रात 9:30 बजे खबर आई कि नगर के चार कोविड हॉस्पिटलों में ऑक्सीजन ना के बराबर बची है। किसी अस्पताल के पास एक घंटा तो किसी अस्पताल के पास दो घंटे की ऑक्सीजन शेष है। ऑक्सीजन का स्टॉक घटने के दौरान मंगलवार शाम को अस्पताल संचालक संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव सिघल से मिले और ऑक्सीजन की मांग की। साथ ही रिजर्व ऑक्सीजन मरीजों को दी। कुछ अस्पताल संचालक व स्वास्थ्य विभाग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि भारी मात्रा में ऑक्सीजन बीते तीन दिनों के दौरान बाहर सप्लाई की गई है, जिसके चलते काशीपुर व आसपास के क्षेत्रों में ऑक्सीजन की किल्लत हो गई। मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरव सिघल का कहना है कि काशीपुर क्षेत्र में बाजपुर रोड स्थित हरि गैस प्लांट व हरियावाला स्थित लिक्विड गैसेज नाम के दो ऑक्सीजन प्लांट हैं। दोनों ऑक्सीजन प्लांट से बात की गई है। सुबह 8 बजे से शाम 6 बजे तक केवल काशीपुर क्षेत्र के ही अस्पतालों को भरपूर मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई दी जाएगी। इसके लिए नोडल अधिकारी नियुक्त हैं।

chat bot
आपका साथी