पंचायत में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या की, हत्यारोपित के पिता को धुना

उधमसिंह नगर जिले के रुद्रपुर में मंदिर कमेटी के विवाद में कांग्रेस के वार्ड अध्यक्ष की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 04 Jan 2019 01:42 PM (IST) Updated:Fri, 04 Jan 2019 08:34 PM (IST)
पंचायत में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या की, हत्यारोपित के पिता को धुना
पंचायत में कांग्रेस नेता की गोली मारकर हत्या की, हत्यारोपित के पिता को धुना

ऊधमसिंहनगर, जेएनएन। जिले के रुद्रपुर में श्री दुर्गा मंदिर की सुरक्षा कमेटी की पंचायत में कांग्रेस वार्ड अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारोपित भाजपा नेता और पूर्व सभासद का पुत्र फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने भाजपा नेता और हत्यारोपित के पिता की जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बीच-बचाव का प्रयास किया तो लोग पुलिस से भी उलझ गए। पुलिस ने जैसे-तैसे हत्यारोपित के पिता को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और हत्यारोपित को तलाश में दबिश दी जा रही है। 

संजय नगर खेड़ा, वार्ड 11 में श्री दुर्गा मंदिर परिसर में बाजार लगता है। इसके लिए सुरक्षा कमेटी का भी गठन किया है। एक दशक पूर्व से सभासद उर्मिला विश्वास के पति और भाजपा नेता सुभाष विश्वास इस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वह वर्तमान में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष भी है। करीब 9 माह पूर्व कमेटी के पांच लाख रुपये के गबन का आरोप अध्यक्ष सुभाष विश्वास के ऊपर लगा था, इसे लेकर कई बार पंचायत हुई लेकिन वह नहीं पहुंचे। इस पर लोगों ने पंचायत कर सुभाष विश्वास को अध्यक्ष पद से हटाकर अमल मंडल को अध्यक्ष बना दिया। इससे सुभाष और उसके पुत्र कमेटी पदाधिकारियों और सदस्यों को धमकाते थे।

दो दिन पहले सुभाष विश्वास ने कमेटी पदाधिकारियों पर तहबाजारी के नाम पर अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए डीएम कार्यालय में शिकायत भी की थी। इसके बाद कमेटी पदाधिकारी और सदस्यों ने मामले का निस्तारण न होने तक बाजार बंद रखने का निर्णय लिया था। इसके लिए शुक्रवार को श्री दुर्गा मंदिर परिसर में पंचायत आयोजित की गई थी। पंचायत में वर्तमान अध्यक्ष अमल मंडल के साथ ही संजय नगर खेड़ा निवासी 45 वर्षीय डॉ. नीरज बढ़ई पुत्र सूर्यकांत बढ़ई भी थे।

सुभाष विश्वास के न आने पर लोग जाने लगे। इसी बीच सुभाष मंडल अपने पुत्र संजू विश्वास और उसके दोस्त गौतम, रंजीत और तपन के साथ पहुंच गए। कमेटी के पदाधिकारी-सदस्यों से सुभाष विश्वास और उसके पुत्र का विवाद हो गया। देखते ही देखते धक्का मुक्की भी हुई। इसी बीच संजू ने डॉ. नीरज बढ़ई के माथे पर पिस्टल सटाकर गोली मार दी। इससे डॉ. नीरज की मौके पर ही मौत हो गई। यह देख भड़के लोगों ने सुभाष विश्वास को पकड़कर धुन दिया, जबकि उसका हत्यारोपित पुत्र संजू अपने साथियों के साथ फरार हो गया। 

सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ट्रांजिट कैंप जीबी जोशी पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और बीच बचाव कर लहुलूहान सुभाष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस ने डॉ. नीरज बढ़ई के शव को कब्जे में लिया। साथ ही हत्यारोपित संजू और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ युवकों को भी हिरासत में लिया है। घटना के बाद रुद्रपुर में ही बैठक में पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत तमाम कांग्रेसी अस्पताल पहुंच गए। 

यह भी पढ़ें: जमीनी विवाद के चलते शांतिपुरी में दो गुटों में हुई फायरिंग

यह भी पढ़ें: फर्जी कॉल कर गांव बुलाए 108 कर्मचारियों पर लाठी डंडों से हमला

chat bot
आपका साथी