गिरेबां में झांके कांग्रेस

जागरण संवाददाता, नई टिहरी: भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के जंतर मंतर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के

By Edited By: Publish:Tue, 16 Dec 2014 01:09 AM (IST) Updated:Tue, 16 Dec 2014 04:15 AM (IST)
गिरेबां में झांके कांग्रेस

जागरण संवाददाता, नई टिहरी:

भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के जंतर मंतर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रस्तावित सत्याग्रह कार्यक्रम पर पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत ने सत्याग्रह कार्यक्रम में भाजपाई सांसदों को न्योता देने वाली कांग्रेस को पहले खुद के गिरेबां में झांकने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार बनने के बाद सात केंद्रीय मंत्री उत्तराखंड का दौरा कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्रियों ने राज्य सरकार से विकास योजनाओं के प्रस्ताव भी मांगे। ऐसे में केंद्र पर उत्तराखंड की उपेक्षा का आरोप गलत है। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार से प्रदेश में सड़कों के लिए केंद्र की ओर से दिए गए 6900 करोड़ का भी हिसाब मांगा।

नई टिहरी में भाजपा की तीन दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू होने से पूर्व मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कांग्रेस व राज्य की कांग्रेस सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने उत्तराखंड में सड़कों के लिए 6900 करोड़ रुपये की धनराशि आवंटित किए। राज्य सरकार को अब यह स्पष्ट करना चाहिए कि इस धनराशि का उपयोग कहां हो रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस अपराधियों के आगे बेबस है। चंबा के कटाल्डी गांव से 17 दिन से लापता युवक का भी अब तक पता नहीं चल सका है। हरिद्वार व हल्द्वानी में अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक पांच सत्र में 15 से 17 दिसंबर तक चलेगी। कार्यसमिति की बैठक में मुख्य रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित राष्ट्रीय अभियान के तहत उत्तराखंड में हुए काम की समीक्षा की जाएगी। जनता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन की रणनीति भी तय की जाएगी।

साथ ही, पार्टी के सदस्यता महाअभियान की जिलों में प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस पर पूरे प्रदेश में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू व राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शिवप्रकाश भी शिरकत करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री संगठन संजय गुप्ता, प्रदेश महामंत्री प्रकाश पंत, नरेश बंसल, ज्ञान सिंह नेगी, प्रदेश उपाध्यक्ष कुसुम कंडवाल, खजान दास, जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी