विरोध के बीच दुकानों पर चली जेसीबी

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: नगर में वर्षो से कारोबार कर रहे व्यापारियों की दुकानों पर पुलिस सुरक्षा क

By JagranEdited By: Publish:Wed, 03 Oct 2018 06:54 PM (IST) Updated:Wed, 03 Oct 2018 06:54 PM (IST)
विरोध के बीच दुकानों पर चली जेसीबी
विरोध के बीच दुकानों पर चली जेसीबी

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: नगर में वर्षो से कारोबार कर रहे व्यापारियों की दुकानों पर पुलिस सुरक्षा के बीच प्रशासन ने जेसीबी चला दी। प्रशासन ने छह दुकानों को तोड़ दिया। इससे आक्रोशित व्यापारियों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब पांच घंटे तक आक्रोशित व्यापारी और स्थानीय लोगों ने खूब हंगामा काटा। प्रशासन व सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चार व्यापारी पेट्रोल के साथ दुकानों की छतों पर चढ़ गए।

केंद्र सरकार की नमामि गंगे योजना के तहत शहर में कूर्माचल नगर सहकारी बैंक के पास सीवर ट्रीटमेंट प्लान एसटीपी का काम चल रहा है। प्रशासन का कहना है कि यहां बनी दुकानों को हटाने से काम आसानी से होगा। प्रशासन ने इसके लिए नगर की 12 दुकानों को चिह्नित किया था। बुधवार लगभग 12 बजे जेसीबी के साथ तहसीलदार, राजस्व उप निरीक्षक और कोतवाली निरीक्षक फोर्स सहित जैसे ही दुकानों को हटाने के लिए पहुंचे, तो व्यापारी भड़क गए। हालांकि इस बीच आपसी सहयोग से 6 दुकानों को हटा दिया गया। प्रशासन की कार्रवाई का व्यापारियों ने जमकर विरोध शुरू कर दिया। व्यापारियों के समर्थन में यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष रावत, लक्ष्मण बिष्ट, राय ¨सह बिष्ट, बंटी जगवाण, छात्र संघ अध्यक्ष नीरज कप्रवान सहित कई और पहुंच गए।

इसके बाद विरोध और तेज हो गया और देखते ही यहां कई युवा कांग्रेसी पहुंच गए। पीड़ित व्यापारियों के पक्ष में प्रदर्शन कर रहे लोग प्रशासन के साथ ही रुद्रप्रयाग विधायक, सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष और व्यापार संघ अध्यक्ष के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। चार व्यापारी पेट्रोल की बोतलें लेकर छत पर चढ़ गए और प्रदर्शन करने लगे।

इस बीच कोतवाली निरीक्षक ने जैसे ही छत में चढ़े व्यापारियों को उतारने का प्रयास किया तो दो व्यापारियों ने बोतल से अपने ऊपर पेट्रोल छिटक दिया। व्यापारियों ने कहा कि जब तक जिलाधिकारी वार्ता के लिए नहीं पहुंचते विरोध जारी रहेगा। इस बीच एसडीएम देवानंद, तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला, सीओ श्रीधर बडोला आदि ने व्यापारियों को समझाने का काफी प्रयास किया, ¨कतु व्यापारी एक नहीं माने और प्रदर्शन करते रहे। बाद में व्यापारी सड़क पर धरने पर बैठ गए। इधर, प्रशासन ने पूरी फोर्स को मौके पर बुलाया। देर शाम तक विरोध जारी रहा। वहीं व्यापारियों ने प्रशासन पर दुकान उजाड़कर बेरोजगार करने का आरोप लगाया है।

chat bot
आपका साथी