हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचने वालों की संख्या एक लाख पार

संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग केदार बाबा के दर्शन को हेली सेवाओं से जाने वाले यात्रियों की संख्या ल

By JagranEdited By: Publish:Thu, 17 Oct 2019 06:43 PM (IST) Updated:Fri, 18 Oct 2019 06:28 AM (IST)
हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचने वालों की संख्या एक लाख पार
हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचने वालों की संख्या एक लाख पार

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदार बाबा के दर्शन को हेली सेवाओं से जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अब तक यह संख्या एक लाख का आंकड़ा पार कर चुकी है। वहीं हजारों यात्री ऐसे भी हैं जिन्हें टिकट न मिलने से वह दर्शन के लिए नहीं जा सके। गत वर्ष की तुलना में इस साल हेली सेवा की चार कंपनियों को सरकार ने अनुमति नहीं दी, जिस कारण 13 के बजाय नौ कंपनियों ने ही पूरे वर्ष हवाई सेवा संचालित की। यदि सरकार हेली सेवाओं को व्यवस्थित करें तो हेली से दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या में और ज्यादा इजाफा हो सकता है।

वर्ष 2019 में केदारनाथ दर्शन करने वाले यात्रियों का रिकॉर्ड बना है। अब हेली सेवा से दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या भी गत वर्ष के आंकड़े को पार करने वाली है। अब तक एक लाख नौ हजार से अधिक यात्री हेली से केदार बाबा के दर्शन को पहुंच चुके हैं, जबकि अभी यात्रा समाप्ति में लगभग 12 दिन शेष हैं। प्रतिदिन दो हजार तक यात्री हेली सेवा से दर्शन कर रहें हैं, 12 दिन में औसतन 24 हजार से अधिक यात्री दर्शनों को पहुंचेंगे, जो कि अब तक हेली सेवा से दर्शन करने वाले यात्रियों का रिकार्ड होगा।

सितंबर के बाद दूसरे चरण की केदारनाथ यात्रा मे भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेली सेवा से दर्शन करने आ रहें हैं। हेली टिकटों की मारामारी मची हुई है। मई व जून महीने में हेली टिकटों को लेकर इतनी मारामारी मची हुई थी, इस वर्ष हजारों यात्री टिकट न मिलने से दर्शन किए बगैर हेलीपैड़ से वापस लौट आए। वर्तमान में जो हेलीकॉप्टर केदारनाथ के लिए सेवाएं दे रहे हैं, वे पांच सीटर हैं, जिससे उन्हें कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। पूर्व में सरकार ने 15 से 20 सीटर हेलीकॉप्टर केदारनाथ के लिए लगाने की योजना की थी, लेकिन यह अभी तक सफल नहीं हो पाई। इस वर्ष सरकार ने मात्र नौ हवाई कंपनियों को ही उड़ान की अनुमति दी, जबकि इससे पूर्व 13 हवाई कंपनियों को अनुमति दी गई थी, जिस कारण कई हेली सेवा से यात्रा करने वाले यात्री टिकट न मिलने से भोले बाबा के दर्शन नहीं कर सके। रोजाना 1800 करीब श्रद्धालु पहुंच रहें हैं धाम

इस समय केदारनाथ के लिए गुप्तकाशी, फाटा, बड़ासू और सेरसी के अलग-अलग हेलीपैड से नौ हेली कंपनियों के हेलीकॉप्टर केदारनाथ के लिए उड़ान भर रहे हैं। अच्छे मौसम के साथ एक सप्ताह से दिनभर में हेलीकॉप्टरों की 260 से 300 तक शटल हो रही हैं, जिससे रोजाना लगभग करीब 1800 श्रद्धालु धाम तक पहुंच रहें हैं। अभी तक हेलीकॉप्टरों से कुल 19129 शटल हुई हैं, जिनमें 109256 श्रद्धालु केदारनाथ पहुंचे हैं। यात्रा समाप्ति में अभी 12 दिन शेष हैं, ऐसे में हेलीकॉप्टर से केदारनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में ओर इजाफा होने की उम्मीद जताई जा रही है। पिनेकल हेली सेवा के वरिष्ठ प्रबंधक रहे पीके छावड़ी कहते हैं कि केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं की संख्या बढ़ाने की जरूरत है, यात्रा सीजन में बड़ी संख्या में यात्रियों की बुकिग नहीं हो पाती है। केदारनाथ में अक्सर मौसम खराब होने के कारण भी उड़ानों में काफी दिक्कत आती है।

---------------------------------

विगत चार वर्षों में हवाई सेवा से केदारनाथ पहुंचे यात्री-

वर्ष 2016 में हेली से दर्शनो को पहुंचे कुल यात्री- 91405

वर्ष 2017 में हेली से दर्शनो को पहुंचे कुल यात्री- 101933

वर्ष 2018 में हेली से दर्शनो को पहुंचे कुल यात्री- 122935

वर्ष 2019 में हेली से दर्शनो को पहुंचे कुल यात्री- 109256, यात्रा के 12 दिन शेष इस वर्ष रिकॉर्ड यात्री दर्शनों को आए हैं। हेली सेवा से भी बड़ी संख्या में यात्री दर्शनो को पहुंचे, भविष्य में ओर अधिक यात्री दर्शन के लिए आ सकें इसके लिए प्रशासन ओर अधिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा।------मंगेश घिल्डियाल,

जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग

chat bot
आपका साथी