झूलाघाट से जौलजीवी तक सड़क का हुआ लिंक

नेपाल सीमा पर झूलाघाट से जौलजीवी तक बन रही सड़क का लिंक महाशिवरात्रि को जुड़ गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 21 Feb 2020 10:26 PM (IST) Updated:Sat, 22 Feb 2020 06:14 AM (IST)
झूलाघाट से जौलजीवी तक सड़क का हुआ लिंक
झूलाघाट से जौलजीवी तक सड़क का हुआ लिंक

संवाद सूत्र, झूलाघाट : नेपाल सीमा पर झूलाघाट से जौलजीवी तक बन रही सड़क का लिंक महाशिवरात्रि पर्व हो चुका है। अलबत्ता, वाहन संचालन में चंद दिन और लग सकते हैं। सड़क के लिए सबसे खतरनाक स्थल पर चट्टान कटने पर ग्रामीणों ने समौजी माता मंदिर में पूजा अर्चना की।

झूलाघाट से जौलजीवी मार्ग निर्माण पर अमतड़ी के पास खड़ी चट्टानों को काटना सबसे बड़ी चुनौती बनी थी। इस स्थान पर सड़क काटने के दौरान तीन वर्ष पूर्व चट्टान खिसकने से ठेकेदार सहित मजदूरों की दबकर मौत हो गई थी। यहां पर सड़क काटकर झूलाघाट से जौलजीवी के बीच मिलान कराना बड़ी चुनौती बना था।

यहां सड़क कटने के साथ ही अब लोग पैदल चलने लगे हैं। ठेकेदार के अनुसार सड़क को ठीक करने में कुछ दिन और लग सकते हैं, जिसके बाद वाहन भी चलने लगेंगे।

अमतड़ी गांव के प्रकाश सिंह का कहना है कि इस स्थान पर सड़क निर्माण होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। ग्रामीणों ने महाशिवरात्रि पर्व पर चट्टान कटने पर समौजी माता के मंदिर में पूजा अर्चना की। पूजा अर्चना के बाद मार्ग आवागमन के लिए खोला गया। प्रकाश सिंह ने बताया कि समौजी माता का मूल निवास काली नदी में नेपाल की तरफ है। इधर, भारत में भी समौजी देवी मंदिर की स्थापना की गई है।

chat bot
आपका साथी