आल्टो कार रामगंगा नदी में गिरी, एक की मौत, एक घायल

थल पेट्रोल पंप से तेल भर कर वापस लौट रही एक कार तीन किमी दूर गहरी खाई में गिर गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 16 Feb 2021 10:51 PM (IST) Updated:Tue, 16 Feb 2021 10:51 PM (IST)
आल्टो कार रामगंगा नदी में गिरी, एक की मौत, एक घायल
आल्टो कार रामगंगा नदी में गिरी, एक की मौत, एक घायल

संवाद सूत्र, थल (पिथौरागढ़): थल पेट्रोल पंप से तेल भर कर वापस लौट रही एक कार तीन किमी दूर पतेत के निकट भरड़ गाड़ के पास अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग डेढ़ सौ मीटर नीचे बह रही रामगंगा नदी में गिर गई। कार मालिक की मौके पर ही मौत हो गई और अन्य युवक के छिटक कर रामगंगा नदी में गिरने से घायल हो गया।

मंगलवार सुबह बागेश्वर के चेटाबगड़ क्षेत्र के डोणू गांव निवासी मनोहर सिंह कोश्यारी 26 वर्ष पुत्र भूपाल सिंह गांव के ही युवक भरत सिंह कोश्यारी 18 वर्ष को साथ लेकर थल पेट्रोल पंप से अपनी कार यूके 05-5225 में तेल भरने आया था। दोनों को बागेश्वर के शामा में एक बरात में भाग लेने जाना था। थल पंप से तेल भरने के बाद जब कार वापस लौट रही थी तो तीन किमी आगे भरड़ गाड़ के पास अनियंत्रित होकर रामगंगा नदी तक पहुंच गई। ऑल्टो कार मालिक मनोहर सिंह कोश्यारी उर्फ वस्या की मौके पर ही मौत हो गई।

कार में सवार भरत सिंह कोश्यारी छिटक कर रामगंगा नदी में गिर गया। नदी किनारे स्थित कौली और भनारकोट के युवा हर्ष बहादुर, कमलेश कार्की और मंटू कुमार कड़ाके की ठंड में नदी में उतरे और घायल युवक को निकाला। नदी से खतरनाक चट्टानों से होते हुए सड़क तक लाए। जहां से 108 चिकित्सा वाहन से गोचर अस्पताल पहुंचाया।

सूचना मिलते ही थल थाने से थानाध्यक्ष सुनील बिष्ट और नाचनी थाने से पीएस नेगी पुलिस जवानों साथ पहुंचे। स्थानीय युवाओं राजेंद्र सिंह, बबलू कन्याल, दीपक कार्की , सुनील सत्याल की मदद से मृतक के शव को स्ट्रेचर से कठिन मार्ग से सड़क तक पहुंचाया। गोचर अस्पताल में भर्ती घायल भरत सिंह का डा. जितेंद्र मारू ने प्राथमिक उपचार किया। उन्होंने बताया कि युवक नदी में गिरने से ठंड से कांप रहा था उसके सिर पर छह टांके लगे हैं। प्राथमिक उपचार के बाद स्वजन घायल को बागेश्वर जिला अस्पताल ले गए। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ भेज दिया है। मृतक के दो छोटे बच्चे हैं उसकी पत्नी इस घटना के बाद बेहोश है।

chat bot
आपका साथी