Ukraine Russia War : यूक्रेन के कीव में बंकर में छिपकर अपनी जान बचा रहा किच्छा का शाहरुख

Ukraine Russia War यूक्रेन पर संकट के बादल जैसे जैसे और गहराते जा रहे है! किच्छा निवासी शाहरुख अख्तर बंकर में रह कर अपने साथियों के साथ अपनी जान की हिफाजत कर रहा है। शाहरुख के पिता महबूब हुसैन ने बेटे की सुरक्ष‍ित वापसी की मांग की है।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 27 Feb 2022 09:39 PM (IST) Updated:Sun, 27 Feb 2022 09:39 PM (IST)
Ukraine Russia War : यूक्रेन के कीव में बंकर में छिपकर अपनी जान बचा रहा किच्छा का शाहरुख
Ukraine Russia War : किच्छा निवासी शाहरुख अख्तर बंकर में अपने साथियों के साथ जान की हिफाजत कर रहा है।

जागरण संवाददाता, किच्छा : Ukraine Russia War : यूक्रेन के कीव में रह कर एमबीबीएस कर रहा किच्छा निवासी शाहरुख अख्तर बंकर में रह कर अपने साथियों के साथ अपनी जान की हिफाजत कर रहा है। उसके सामने वहां से बाहर निकलने के सारे रास्ते फिलहाल बंद हैं। वहीं शाहरुख के पिता महबूब हुसैन ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगा अपने इकलौते बेटे की सकुशल वापसी की मांग की है।

यूक्रेन पर संकट के बादल जैसे जैसे और गहराते जा रहे है, किच्छा की राधा स्वामी सत्संग गली निवासी महबूब हुसैन और उनकी पत्नी फातिमा का कलेजा मुंह को आने लगा है। उनका इकलौता पुत्र शाहरूख अख्तर कीव में फंस गया है। शाहरूख की मां फातिमा दिन रात अपने बेटे की सलामती के साथ देश वापसी की कामना कर रही है। शाहरूख ने 26 फरवरी की फ्लाइट की टिकट भी बुक करवा ली थी। लेकिन इसी दौरान रूस के हमला कर देने के बाद सारी फ्लाइट निरस्त कर दी गई, जिससे शाहरुख भी अपने अन्य साथियों के साथ कीव में ही फंस गया।

हालात यह है कि अपने मुंबई के दोस्तों के साथ शाहरुख एक बंकर में अपनी जान बचाने के लिए शरण लिए हुए है। उसने अपने स्वजनों को बताया कि दो दिन पूर्व ही पास के ही एक एयरपोर्ट पर रूस के विमानों ने हमला किया था, जिसके धमाके की आवाज उनको साफ सुनाई दी थी। चारो तरफ कीव में सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां बर्फबारी होने के कारण ठंड भी लगातार बढ़ रही है। स्थानीय लोग उनकी काफी मदद कर रहे हैं, जिससे उनका साहस बना हुआ है। मौका मिलने पर शनिवार को राशन सामग्री लाकर रख ली थी, जिससे उनके सामने भोजन का संकट नहीं है। शाहरुख ने बताया कि रोमानिया, हंगरी, पोलैंड की तरफ लोग जा रहे हैं, जिससे अपने देश लौट सकें। लेकिन वहां पर भी फ्लाइट न मिल पाने के कारण उनको वहां शरण लेनी पड़ रही है।

chat bot
आपका साथी