Haldwani: बैंक गार्ड की बंदूक से अचानक चली गोली, मचा हड़कंप; छर्रे लगने से दो युवक घायल

Haldwani बैंक के अंदर सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली खाताधारकों के लगाई स्टील की कुर्सी को चीरते हुए निकल गई। गोली सामने रखी स्टील की कुर्सी को चीरते हुए निकल गई। कुर्सी पर कोई बैठा होता तो उसकी जान जा सकती थी। छर्रे बैंक में खाता खुलने आए चंदन जोशी व गोविंद के पैर में लग गए।

By Deep belwal Edited By: Nirmala Bohra Publish:Wed, 24 Apr 2024 11:50 AM (IST) Updated:Wed, 24 Apr 2024 11:50 AM (IST)
Haldwani: बैंक गार्ड की बंदूक से अचानक चली गोली, मचा हड़कंप; छर्रे लगने से दो युवक घायल
Haldwani: छर्रे लगने से बैंक में खाता खुलवाने आए दो युवक जख्मी

HighLights

  • शराब पीकर ड्यूटी कर रहा था सुरक्षा गार्ड, लापरवाही से चली गोली

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: Haldwani: मुखानी चौराहे के पास केनरा बैंक में मंगलवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। बैंक के अंदर सुरक्षा गार्ड की लाइसेंसी बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली खाताधारकों के लगाई स्टील की कुर्सी को चीरते हुए निकल गई। गनीमत रही कुर्सी पर कोई बैठा नहीं था।

छर्रे लगने से खाता खुलवाने आए दो लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेने के साथ ही असलहा जब्त कर लिया है। पुलिस ने जरूरी छानबीन कर सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सुरक्षा गार्ड का मेडिकल भी कराया। जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है।

मुखानी चौराहे पर केनरा बैंक की शाखा है। इस शाखा पर नया बाजार हल्दूचौड़ में रहने वाले पूर्व सैनिक प्रकाश चंद्र जोशी डेढ़ साल से सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे बैंक में कामकाज चल रहा था। सुरक्षा गार्ड मुख्य गेट के पास बैठकर अपने लाइसेंसी डीडीबीएल पोनिया के टिंगर पर हाथ रखकर बैठा हुआ था। इसी बीच अचानक टिंगर दबा और गोली चल गई।

गोली सामने रखी स्टील की कुर्सी को चीरते हुए निकल गई। कुर्सी पर कोई बैठा होता तो उसकी जान जा सकती थी। छर्रे बैंक में खाता खुलने आए अल्मोड़ा व हाल वसंत विहार निवासी चंदन जोशी व नवाबी रोड निवासी गोविंद के पैर में लग गए। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई।

सीओ सिटी नितिन लोहनी, कोतवाल उमेश कुमार मलिक व मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी टीम के संग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेकर सुरक्षा गार्ड से पूछताछ की। फुटेज खंगाले। मेडिकल में गार्ड के नशे में होने की पुष्टि हुई है। सुरक्षा कर्मी का चालान किया गया है।

बैंक में भीड़ होती तो जाती जान

मंगलवार को बैंक में सामान्य दिनों के मुकाबले कम भीड़ थी। यही कारण है कि हादसा होने से टल गया। गोली स्टील की कुर्सी को चीरकर निकली है। यदि इस कुर्सी पर कोई शख्स बैठा होता हो उसकी जान जा सकती थी।

सुरक्षाकर्मी बोले, खुद चली गोली

घटना के बाद सुरक्षा गार्ड भी घबरा गया था। उसका कहना था कि गोली उसने नहीं चलाई, खुद चली है। पुलिस ने फुटेज खंगाले तो उसमें टिंगर पर सुरक्षा कर्मी का हाथ पहुंचता हुआ दिख रहा है। हालांकि पुलिस भी मान चुकी है कि गोली रंजिशन नहीं बल्कि धोखे से चली है।

बैंक को भेजा जाएगा नोटिस

मुखानी थानाध्यक्ष पंकज जोशी का कहना है कि बैंक के अंदर गोली चलना सुरक्षा से खिलवाड़ है। खासकर उसी व्यक्ति से गोली चली है, जिसके ऊपर सुरक्षा की जिम्मेदारी है। इस मामले में बैंक को नोटिस भेजकर जवाब मांगा जाएगा।

आज खुल गया था हमेशा के लिए खाता

छर्रे लगने वाले दोनों युवक चंदन व गोविंद एक निजी अस्पताल के एंबुलेंस चालक हैं। चंदन जोशी ने बताया कि गोविंद को बैंक में खाता खुलवाना था। वह उसकी मदद के लिए आया था। गनीमत रही आज तो जान बच गई। नहीं तो हमारा खाता तो हमेशा के लिए खुल गया था।

22 साल देश सेना कर चुके हैं प्रकाश

प्रकाश का कहना है कि वह 22 साल देश की सेवा कर चुके हैं। 10 साल एक बैंक में काम किया और डेढ़ साल से केनरा बैंक में हैं। गोली कैसे चली उन्हें नहीं पता। उनका मकसद दहशत फैलाना व किसी की जान लेना नहीं था। वह घर पर बैठकर बोर हो जाते हैं, इसलिए बैंक में नौकरी कर रहे हैं। उनके पास अच्छी खासी जमीन है और दो बेटे विदेश में हैं।

chat bot
आपका साथी