Haldwani में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, चार और मरीजों में बीमारी की पुष्टि, कालाजार का भी एक मरीज भर्ती

Dengue in Haldwani मौसम में बदलाव शुरू होते ही डेंगू के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ने लगी है। हल्द्वानी में इस बीमारी के चार मरीज और रिपोर्ट किए गए हैं। इनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं कालाजार बीमारी का भी एक मरीज मिला है।

By Rajesh VermaEdited By: Publish:Sat, 17 Sep 2022 07:55 AM (IST) Updated:Sat, 17 Sep 2022 07:55 AM (IST)
Haldwani में बढ़ा डेंगू का प्रकोप, चार और मरीजों में बीमारी की पुष्टि, कालाजार का भी एक मरीज भर्ती
हल्द्वानी के एसटीएच में डेंगू के चार मरीज भर्ती कराए गए हैं।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : Dengue in Haldwani : शहर में वायरल फीवर के साथ ही डेंगू के मामले बढ़ने लगे हैं। शुक्रवार को डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती चार और रोगियों में डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें एक मरीज की हालत गंभीर बनी हुई है।

डेंगू के एक मरीज की हालत गंभीर, हो रही ब्लीडिंग

एसटीएच में भर्ती एक मरीज चंपावत का रहने वाला है। इसके अतिरिक्त तीन मरीज हल्द्वानी व आसपास के निवासी हैं। नोडल प्रभारी डा. परमजीत सिंह ने बताया कि तीन मरीज की एलाइजा रिपोर्ट पाजिटिव आई है और एक मरीज का कार्ड टेस्ट रिपोर्ट पाजिटिव है। इस मरीज का सैंपल एलाइजा जांच के लिए भी भेज दिया गया है। इसमें से एक मरीज की ब्लीडिंग हो रही है। इनकी उम्र 22 से 30 वर्ष तक है।

कालाजार को लेकर भी रहें सतर्क

राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. अरुण जोशी ने बताया कि कालाजार के तीन मरीज भर्ती हुए थे। इसमें पिथौरागढ़ निवासी एक मरीज की मौत हो गई थी। एक मरीज इलाज के बाद डिस्चार्ज हो गया है। वहीं एक और मरीज भर्ती है, जिसका उपचार चल रहा है। डा. जोशी ने बताया कि बीमारी का समय पर इलाज जरूरी है। इसलिए बीमारी को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

ये लक्षण दिखें तो हो जाएं सतर्क, डेंगू की कराएं जांच

मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द शरीर पर पड़ने वाले लाल निशान जो थोड़े समय बाद ठीक होने के बाद पुनः वापस भी आ जाते हैं तेज़ बुखार बहुत तेज़ सिर दर्द आँखों के पीछे दर्द उल्टी आना और चक्कर महसूस होना

यदि आप इनमें से कोई भी लक्षण महसूस करते हैं तब तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

डेंगू से बचाव के उपाय

अपने आसपास सफाई रखें पानी को इकठ्ठा न होने दें मच्छर मारने वाली मशीन और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें और इलाज शुरू करें

कालाजार यानी ब्लैक फीवर के लक्षण

कई दिनों तक बुखार आना वजन कम होना प्लीहा और यकृत का बढ़ना एनीमिया यानी खून की कमी की भी शिकायत हो सकती है। त्वचा शुष्क, रूखी और पतली हो जाती है बाल झड़ने लगते हैं हल्के त्वचा वाले लोगों में हाथ, पैर, पेट और चेहरे की त्वचा का रंग भूरा भी हो जाता है।

कालाजार का उपचार

कालाजार मादा बालू मक्खी (सैन्ड फ्लाई) के काटने से फैलता है। एसपी पाउडर के छिड़काव से इस मक्खी के प्रभाव को पूर्णत: खत्म किया जा सकता है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग एसपी पाउडर का छिड़काव कराता है। इसलिए अपने अासपास मक्खी को फटकने भी न दें। वहीं एंटी-लीशमैनियल दवाएं भी आती हैं।

chat bot
आपका साथी