डीएम सख्त : हाईवे के गड्ढे न भरने पर सद्भाव कंपनी पर लगाया डेढ़ करोड़ का जुर्माना

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की ओर से सड़कों पर गड्ढों को नहीं भरने पर डीएम सविन बंसल ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 25 Aug 2019 03:25 PM (IST) Updated:Sun, 25 Aug 2019 08:31 PM (IST)
डीएम सख्त : हाईवे के गड्ढे न भरने पर सद्भाव कंपनी पर लगाया डेढ़ करोड़ का जुर्माना
डीएम सख्त : हाईवे के गड्ढे न भरने पर सद्भाव कंपनी पर लगाया डेढ़ करोड़ का जुर्माना

हल्द्वानी, जेएनएन : भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) की ओर से सड़कों पर गड्ढों को नहीं भरने पर डीएम सविन बंसल ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। उन्होंने एनएचएआइ की अनुबंधित कंपनी सद्भाव नेशनल हाईवे पर डेढ़ करोड़ का जुर्माना लगाया है। साथ ही जल्द गड्ढे नहीं भरने पर भारत सरकार को लिखित में कार्रवाई की संस्तुति किए जाने की चेतावनी भी दी है। दैनिक जागरण सड़कों की इस समस्या को लगातार प्रमुखता से उठा रहा है।

कैंप कार्यालय में डीएम ने एनएचएआइ के उप प्रबंधक तकनीकी अक्षत विश्नोई से कहा कि 21 जुलाई को बैठक होने के बावजूद सड़कों के गड्ढे क्यों नहीं भरे गए? स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने कहा कि लापरवाही बरतने पर कार्यदायी संस्था सद्भाव पर आर्थिक दंड लगाना पड़ेगा। इसके बाद उन्होंने प्रतिदिन 10 लाख रुपये के आधार पर 15 दिन का डेढ़ करोड़ रुपये का आर्थिक दंड तय किया है। डीएम ने तत्काल जुर्माना जमा करवाने के साथ ही काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग सड़कों पर उतर आए हैं। खुद लोग मुकदमा दर्ज करवा रहे हैं। इसके बावजूद हाईवे की मरम्मत क्यों नहीं की जा रही है। यह तो पूरी तरह असंवेदनशीलता को दर्शाता है। बैठक में भूमि आधिपत्य अधिकारी एनएस नबियाल, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, लोनिवि के अधिशासी अभियंता हिम्मत सिंह रावत, ईई यूपीसीएल डीके जोशी, जल संस्थान के विशाल सक्सेना, सिंचाई के तरुण बंसल, एसडीएम विवेक राय आदि शामिल रहे।

आखिर निगम की सड़कों पर कौन करेगा कार्रवाई

डीएम ने एनएचएआइ की अनुबंधित कंपनी खिलाफ सख्ती तो बरती है, लेकिन नगर निगम के अंदर की सड़कों के लिए कौन जिम्मेदार है? इन सड़कों के गड्ढे क्यों नहीं भरे जा रहे हैं? स्टेट हाईवे के भी यही हाल हैं? लोग इन गड्ढों को भरने की भी मांग कर रहे हैं, लेकिन इस पर अभी कोई बड़ी कार्रवाई नहीं नजर आ रही है।

सीएम हेल्पलाइन के लिए प्रशिक्षित होंगे अधिकारी

हल्द्वानी : सीएम कार्यालय से मिले निर्देश पर सीएम हेल्पलाइन को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला स्तर के एल वन व एल टू अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा। डीएम सविन बंसल ने बताया कि जनसमस्याओं के निराकरण के लिए सीएम हेल्पलाइन लांच की गई है। इसके संचालन के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को तकनीकी प्रशिक्षण 28 अगस्त को प्रसार प्रशिक्षण केंद्र बागजाला में प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण सुबह बजे से एक बजे के मध्य होगा।

जन्माष्टमी के दिन भी डीएम ने सुनी जनसमस्याएं

जन्माष्टमी का त्योहार होने के बावजूद डीएम सविन बंसल ने कैंप कार्यालय में जनसमस्याएं सुनी। करीब 105 लोग पहुंचे और समस्याएं रखी। विजयपुर गौलापार के परमानंद कोटलिया ने सड़क मार्ग को पक्का करने की मांग की। डीएम ने मनरेगा के तहत काम करवाने के निर्देश दिए। स्वच्छ भारत मिशन के तहत कार्य करने वाली स्वयंसेवी संस्था गो क्लीन गो ग्रीन संस्था के अध्यक्ष मनोज नेगी ने डीएम को बताया कि दो अक्टूबर को हल्द्वानी प्लास्टिक से मुक्त करने के लिए 30 स्कूल, आइटीबीपी, सीआरपीएफ एवं आर्मी की ओर से अभियान चलाया जाएगा। इसमें प्रशासनिक सहयोग मांगा। इस पर डीएम ने अभियान को सफल बनाने के लिए सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को नोडल अधिकारी नामित किया है। शिविर मेंं नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया, सीएमओ डॉ. भारती राणा आदि शामिल रहे।

यह भी पढ़ें : सख्ती : कारपेट एरिया कम बताने वाले प्रतिष्ठानों पर कसेगा शिकंजा निगम

chat bot
आपका साथी