कुमाऊं में हिंदू नववर्ष व नवरात्र को लेकर मंदिरों में लगा तांता, बोया गया हरेला

नए साल व नवरात्रि पर सुबह से लोगों में उत्साह दिखा। लोग सुबह घरों से उठे और स्नान आदि किया। उसके बाद सीधे मंदिरों का रुख किया। सरयू गोमती और विलुप्त सरस्वती के संगम पर हर-हर गंगे जयघोष के साथ स्नान किया। इसके बाद मंदिरों में जाकर पूजा-अर्चना की।

By Prashant MishraEdited By: Publish:Sat, 02 Apr 2022 02:07 PM (IST) Updated:Sat, 02 Apr 2022 02:07 PM (IST)
कुमाऊं में हिंदू नववर्ष व नवरात्र को लेकर मंदिरों में लगा तांता, बोया गया हरेला
देवी भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ से पूर्व महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली।

जागरण संवाददाता, बागेश्वर : हिंदू नव संवत्सर पर सुख, समृद्धि, वैभव और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए श्रद्धालुओं ने देव मंदिरों में पूजा अर्चना की। देवी मंदिरों में सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। गंगा स्नान के बाद लोगों ने देवी हरेला बोया। भजन-कीर्तनों का दौर शुरू हो गया है। देवी-देवताओं को भी गंगा स्नान कराया गया।बाबा बागनाथ की भूमि में देवी के गीतों की गूंज रही।

नए संवत्सर नल का लोगों ने पूरे उत्साह के साथ स्वागत किया। लोग सुबह घरों से उठे और स्नान आदि किया। उसके बाद सीधे मंदिरों का रुख किया। सरयू, गोमती और विलुप्त सरस्वती के संगम पर हर-हर गंगे जयघोष के साथ स्नान किया। बागनाथ मंदिर, चंडिका, भगवत मंदिर कठायतबाड़ा, मैच्यूला मैया पालड़ीछीना, कोट भ्रामरी गरुड़ के अलावा कालभैरव मंदिर, वाणेश्वर मंदिर, नीलेश्वर आदि मंदिरों की परिक्रमा भी की और सुख, समृद्धि, वैभव और स्वस्थ जीवन की कामना की।

उधर, कपकोट, गरुड़, कांडा, काफलीगैर, दुग नाकुरी, शामा आदि तहसील क्षेत्रों में भी लोगों ने देव मंदिरों का रुख किया। उधर, पंडित मोहन चंद्र लोहनी ने कहा नए वर्ष में बेहतर सोच के साथ काम करने की जरूरत है। यह वर्ष गत वर्ष से बेहतर रहने की उम्मीद है।

महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा

जूना अखाड़ा में श्रीमद देवी भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ से पूर्व महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भव्य कलश यात्रा निकाली। वह सरयू-गोमती तट तक पहुंची और कलश में जल भरा। उसके बाद देवताओं का स्नान कराया। पंडितों ने मंत्रोचार किया। इस दौरान जूना अखड़ा के महंत श्री शंकर गिरी महराज आदि मौजूद थे।

आरएसएस ने किया पथ संचलन

जिले में भारतीय नवसंवत्सर धूमधाम से मनाया गया। सरस्वती शिशु मंदिर हाईस्कूल बागेश्वर, शिशु मंदिर, विवेकानंद विद्या मंदिर कौसानी के बच्चों ने घोष बैंड के साथ जोरदार रैली निकाली। रैली में बच्चे लोगों को विक्रमी संवत्सर 2079 और नल नाम संवत्सर की बधाइयां दी।

आरएसएस ने नगर भ्रमण किया। जगह-जगह पताका लगाई। इस मौके पर तारा सिंह रावत, रणजीत सिंह भंडारी, आशीष धपोला, मनीष पांडे, रवि करायत, आदर्श कठायत, खड़क टंगड़िया भूपेंद्र दानू आदि मौजूद थे।

नीलेश्वर में भैरव मूर्ति स्थापित

नीलेश्वर महादेव मंदिर में शनिवार को भैरव की मर्ति स्थापित की गई। मूर्ति को सबसे पहले स्नान कराया।ढोल-नगाड़ों के साथ भक्तों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। शंकर गिरी महाराज, दर्शन कठायत, धीरज जोशी, पियूष जोशी, नवीन लोहनी, सुरेश खेतवाल, राजेंद्र दफौटी, पंकज दुबे आदि मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी