Nainital News : समर सीजन के लास्ट वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ी सैलानियों की भी भीड़

समर सीजन के लास्ट वीकेंड पर नैनीताल में सैलानियों की बंपर भीड़ उमड़ पड़ी है। होटलों के साथ सरकारी व गैर सरकारी गेस्ट हाउस सैलानियों से पैक हो गए। पार्किंग स्थल सैलानियों से पट गए। रहने को ठौर नहीं मिलने से सैलानियों को नगर के बाहर शरण लेनी पड़ी।

By Skand ShuklaEdited By: Publish:Sun, 26 Jun 2022 11:30 AM (IST) Updated:Sun, 26 Jun 2022 11:30 AM (IST)
Nainital News : समर सीजन के लास्ट वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ी सैलानियों की भी भीड़
नैनीताल में होटलों के साथ पार्किंग फुल, चरमराया नगर का यातायात

जागरण संवाददाता, नैनीताल : समर सीजन के लास्ट वीकेंड पर नैनीताल में सैलानियों की बंपर भीड़ उमड़ पड़ी है। होटलों के साथ सरकारी व गैर सरकारी गेस्ट हाउस सैलानियों से पैक हो गए। पार्किंग स्थल सैलानियों से पट गए। रहने को ठौर नहीं मिलने से सैलानियों को नगर के बाहर शरण लेनी पड़ी। भीड़ का आलम यह था कि सरकारी गेस्ट हाउसों में मंत्री-विधायकों व शासन के अफसरों की ओर से बुक कमरे निरस्त करने पड़े।

पीक सीजन का दौर जून शुरू से ही चरम पर जा पहुंचा था और अंतिम पड़ाव भी जबरदस्त भीड़ से गुजर रहा है। शनिवार को होटलों की तलाश में सैलानियों को भवाली, भीमताल, रानीखेत, मुक्तेश्वर, रामगढ़ व नौकुचियातल की शरण लेनी पड़ी। जिसके चलते इन क्षेत्रों में सैलानियों की भारी भीड़ पहुंच गई है। वाहनों के बेहिसाब पहुंचने से नगर की यातायात व्यवस्था धराशाई हो गई और पूरे दिन रेंगते हुए वाहनों से नगर की सड़कें व्यस्त रही।

रूसी बाईपास, नारायण नगर व भवाली रोड पर बिना होटल बुकिंग के आने वाले सैलानी वाहनों के इंतजाम नाकाफी साबित हो गए। अलबत्ता यातायात घसीटता हुआ नजर आया। इस बीच नगर के पर्यटन स्थलों में पूरे दिन भारी भीड़ जुटी रही। रोपवे का टिकट पाने को लम्बा इंतजार करना पड़ा। शटल सेवा से चिड़ियाघर जाने वाले सैलानियों को लंबी लाइन में लगना पड़ा।

केव गार्डन, वॉटर फाल, बोटनिकल गार्डन, हिमालय दर्शन व स्नो व्यू में भारी संख्या में सैलानी नजर आए। जिसके चलते नगर के सभी सैरगाह गुलजार रहे। बहरहाल पर्यटकों की भीड़ से पर्यटन कारोबारी बेहद खुश हैं। इधर नगर के पार्किंग वाले अधिकांश होटल रविवार के लिए भी एडवांस में पैक हो चले हैं। जिस कारण भीड़ बढ़ने की संभावना बरकरार है।

परिवहन बस में सीट पाने को उमड़ी भीड़

नगर के बस अड्डे पर हल्द्वानी के लिए परिवहन निगम की बस में सीट पाने के लिए यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। सीट पाने को यात्री को बस की खिड़की से चढ़ गए। अराजकता देख पुलिस को आना पड़ा।

नैनीताल का कोई मुकाबला नही

भले ही ठहरने के लिए कैसा भी रूम मिले और यातायात की दुश्वारियां झेलनी पड़े साथ ही नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करना पड़े, लेकिन रहेंगे नैनीताल में ही। नैनीताल में उमड़ी भारी भीड़ से कुछ ऐसा ही प्रतीत होता है। शीतल हवा और पानी के साथ मनमोहक झील और सैर सपाटे के लिए कई पर्यटक स्थल सैलानियों को खींच लाते हैं। इस बार उमड़ी बेहिसाब भीड़ यही बयां करती है।

chat bot
आपका साथी