जमकर बरसे मेघ, भीषण गर्मी से राहत

जागरण संवाददाता रुड़की पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश को तरस कर रहे लोगों का इंतज

By JagranEdited By: Publish:Fri, 02 Aug 2019 06:43 PM (IST) Updated:Fri, 02 Aug 2019 06:43 PM (IST)
जमकर बरसे मेघ, भीषण गर्मी से राहत
जमकर बरसे मेघ, भीषण गर्मी से राहत

जागरण संवाददाता, रुड़की: पिछले कई दिनों से झमाझम बारिश को तरस कर रहे लोगों का इंतजार शुक्रवार को पूरा हुआ। शहर और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश होने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि बारिश के कारण हुए जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का भी सामना करना पड़ा।

शहर और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। आसमान में बादल छाये रहे। वहीं सुबह दस बजे के आसपास बूंदाबांदी होने लगी। हालांकि बूंदाबांदी कुछ देर बाद ही बंद भी हो गई लेकिन आसमान में बादलों ने अपना डेरा डाले रखा। जिससे पिछले दिनों की तुलना में उमस कम रही। वहीं दोपहर बारह बजे के आसपास काले घने बादल आसमान में उमड़ने-घुमड़ने लगे। इसके कुछ ही देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक लगातार बारिश होती रही। शुक्रवार को शहर में कुल 52 एमएम बारिश रेकॉर्ड की गई। झमाझम बरसात होने की वजह से शहर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल गई। वहीं बारिश थमने के बाद भी बादलों ने अपना डेरा डाले रखा। तेज बरसात होने और दिनभर आसमान में बादल छाये रहने की वजह से शहर के तापमान में गुरुवार के मुकाबले गिरावट देखने को मिली। गुरुवार को जहां अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं शुक्रवार को लुढ़ककर 31.5 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री से लुढ़ककर 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, आइआइटी रुड़की के जल संसाधन विकास एवं प्रबंधन विभाग में संचालित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा परियोजना से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को भी दिनभर में बीच-बीच में बादल छाने और बारिश का पूर्वानुमान है।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी