क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों ने घर जाने की मांग पर काटा हंगामा, पुलिस से भी नोकझोंक

हरिद्वार जिले के रुड़की में क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों ने घर जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।

By Edited By: Publish:Wed, 03 Jun 2020 05:53 PM (IST) Updated:Wed, 03 Jun 2020 09:07 PM (IST)
क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों ने घर जाने की मांग पर काटा हंगामा, पुलिस से भी नोकझोंक
क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों ने घर जाने की मांग पर काटा हंगामा, पुलिस से भी नोकझोंक

रुड़की, जेएनएन। हरिद्वार जिले के रुड़की में क्वारंटाइन सेंटर में प्रवासियों ने घर जाने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। क्वारंटाइन किए गए प्रवासी कमरे से बाहर आ गए और उन्होंने आरोप लगाया कि चिकित्सक नियमित रूप से जांच करने नहीं आते हैं। इसके अलावा सफाई व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए। पुलिस ने किसी तरह से समझा- बुझाकर मामला शांत कराया। 

दरअसल, रुड़की के एनआइएच गेस्ट हाउस को क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। बाहरी राज्यों से आए उत्तराखंड के देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार और चमोली जिले के करीब 30 लोगों को पिछले करीब 14 दिन से यहां पर क्वारंटाइन किया गया है। बुधवार को क्वारंटाइन किए गए लोग कमरों से बाहर आ गए और घर जाने की जिद पर अड़ गए। क्वारंटाइन सेंटर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने रोकने का प्रयास किया तो नोकझोंक हुई। 

इसके बाद सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस और अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआइ प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रवासियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोगों का आरोप था कि यहां पर नियमित रुप से चिकित्सक नहीं आते। उनका चेकअप काफी दूर से किया जाता है। 

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में बुजुर्गों और गंभीर बीमारों को संस्थागत क्वारंटाइन से छूट, गाइडलाइन में ये भी हुए बदलाव 

यही नहीं सफाई व्यवस्था ठीक नहीं होने और खाने पीने की सही व्यवस्था नहीं होने की बात कही। पुलिस ने प्रशासनिक अधिकारियों से वार्ता की। इसके बाद प्रवासियों को बताया कि कि उन्हें एक या दो दिन में उनके घर भेजने की व्यवस्था कर दी जाएगी। इसके बाद ही मामला शांत हो पाया और सभी लोग अंदर पहुंचे। एसएसआइ प्रदीप कुमार ने बताया कि इस बावत प्रशासन को अवगत कराया गया। शीघ्र ही प्रशासन की तरफ से इन्हें घर भेजने की व्यवस्था कराई जाएगी।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में इन पांच राज्यों के 75 शहरों से आने वाले लोग 21 दिन तक होंगे क्वारंटाइन, जानिए

chat bot
आपका साथी