पंचायत ने दबाया सामूहिक दुष्कर्म का मामला

By Edited By: Publish:Fri, 29 Aug 2014 08:49 PM (IST) Updated:Fri, 29 Aug 2014 08:49 PM (IST)
पंचायत ने दबाया सामूहिक दुष्कर्म का मामला

संवाद सूत्र, लक्सर: नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला पंचायत के हस्तक्षेप के बाद दबा दिया। पंचायत के फरमान के चलते पीड़िता के परिजनों ने पुलिस हिरासत में लिए आरोपियों के खिलाफ मामूली छेड़छाड़ की तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने छेड़छाड़ की धाराओं में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला खानपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का है।

घटनाक्रम के अनुसार गांव निवासी एक ग्रामीण की पंद्रह वर्षीय नाबालिग पुत्री गुरुवार को जंगल में शौच के लिए गई थी। यहां पहले से मौजूद दो युवकों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह किशोरी घर वापस आई और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इस बीच मामले को लेकर गांव में पंचायत बुलाई और पंचायत में मामले को दबाने का प्रयास किया। दिन भर मामले को दबाने के प्रयास चलते रहे। इस बीच सूचना मिलने पर खानपुर पुलिस ने दोनों आरोपी युवकों को हिरासत में ले लिया, लेकिन दुष्कर्म करने वाले युवकों को कड़ी सजा दिलाए जाने के बजाय पंचायत ने मामले को दबाने का प्रयास किया। यहां तक कि इस मामले में पैसों के लेन-देन की बात भी कही गई। बाद में पंचायत के फरमान पर पीड़िता के परिजन भी चुप हो गए। चूंकि आरोपी पुलिस हिरासत में थे, लिहाजा परिजनों ने उनके खिलाफ किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए तहरीर दी गई। सूत्रों के अनुसार हिरासत में लिए युवकों ने दुष्कर्म की बात स्वीकार की, लेकिन तहरीर में छेड़छाड़ के आरोप होने के कारण मजबूरी में पुलिस को भी छेड़छाड़ की धाराओं में आरोपियों पर कार्रवाई करनी पड़ी।

खानपुर थानाध्यक्ष कमल मोहन भंडारी ने बताया कि किशोरी के परिजनों ने दोनों युवकों पर पुत्री के साथ छेड़छाड़ की तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।

chat bot
आपका साथी