उत्‍तराखंड में नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज, पढ़िए पूरी खबर

प्रदेश के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति का समय नजदीक आने के साथ ही नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

By Edited By: Publish:Wed, 27 May 2020 08:36 PM (IST) Updated:Wed, 27 May 2020 08:36 PM (IST)
उत्‍तराखंड में नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज, पढ़िए पूरी खबर
उत्‍तराखंड में नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज, पढ़िए पूरी खबर

देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह की सेवानिवृत्ति का समय नजदीक आने के साथ ही नए मुख्य सचिव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। इस समय प्रदेश के पाच अधिकारी ऐसे हैं जो अपेक्स यानी सर्वोच्च वेतनमान ले रहे हैं। ये सभी मुख्य सचिव पद के लिए पात्र हैं। ऐसे में नया मुख्य सचिव कौन होगा, इस पर अभी से कयासबाजी शुरू हो गई है। 

प्रदेश के मौजूदा मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह का कार्यकाल इसी वर्ष जुलाई में समाप्त हो रहा है। उनके राज्य विद्युत नियामक आयोग में जाने की चर्चाएं जोरों पर हैं। हालांकि, अभी तक उन्होंने इसके लिए आवेदन नहीं किया है। ऐसे में बहुत संभव यह है कि प्रदेश सरकार उनका कार्यकाल छह माह के लिए और बढ़ाने के लिए केंद्र से अनुरोध करे। बशर्ते इसमें उनकी सहमति हो। पहले भी राज्य के मुख्य सचिवों का कार्यकाल बढ़ाया जा चुका है। यदि उनके राज्य विद्युत नियामक आयोग में जाने की चर्चाएं सही हैं तो फिर इसकी उम्मीद बेहद कम हो जाती है। जाहिर तौर पर ऐसे में प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिलेगा। 

अब बात करें इस पद के पात्र अधिकारियों की। पात्रता सूची में सबसे पहला नंबर अनूप वधावन का आता है। वरिष्ठता क्रम में अनूप वधावन मौजूदा मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह से भी एक बैच सीनियर हैं। वह 1985 बैच के आइएएस अधिकारी हैं। फिलहाल वह केंद्र में सचिव का दायित्व निभा रहे हैं। इसके बाद नंबर आता है 1987 बैच के आइएएस ओमप्रकाश का। ओमप्रकाश अभी मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव पद का भी दायित्व निभा रहे हैं और उन्हें मुख्यमंत्री के नजदीकी अधिकारियों में गिना जाता है।

इसके बाद नंबर आता है 1988 बैच के आइएएस डॉ. सुखबीर सिंह संधू का। इस समय वह केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर हैं। अगला नंबर है आइएएस राधा रतूड़ी का। वह इस समय अपर मुख्य सचिव कार्मिक का पदभार निभा रही हैं। उनकी छवि काफी साफ है। इस पद की अंतिम पात्र अधिकारी 1990 बैच की आइएएस मनीषा पंवार हैं। उन्हें हाल ही में अपेक्स वेतनमान मिला है।

यह भी पढ़ें: शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के पदों पर भी पदोन्नति की कवायद शुरू, पढ़िए पूरी खबर

इन्हीं पाच अधिकारियों में से किसी एक को अगला मुख्य सचिव बनना है। अब यह ताज किसके सिर सजेगा यह तो भविष्य की गर्त में छिपा हुआ है लेकिन इतना जरूर है कि जो सरकार के जितने नजदीक होगा उसके मुख्य सचिव बनने की संभावना उतनी ही अधिक रहेगी।

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड इस साल नहीं होंगे कर्मचारियों के तबादले, शासन घोषित किया शून्य सत्र

chat bot
आपका साथी