उत्तराखंड में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून

उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश परीक्षा लेगी। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शनिवार से सोमवार तक उत्तराखंड के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 05 Jul 2019 07:48 PM (IST) Updated:Fri, 05 Jul 2019 07:48 PM (IST)
उत्तराखंड में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून
उत्तराखंड में आज से रफ्तार पकड़ेगा मानसून

जागरण संवाददाता, देहरादून: उत्तराखंड में अगले तीन दिन भारी बारिश परीक्षा लेगी। मौसम विज्ञान विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार प्रदेश के मैदान से लेकर पहाड़ तक के आठ जिलों में अत्यधिक बारिश हो सकती है। सुरक्षा की दृष्टि से मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

शुक्रवार को प्रदेश में सबसे अधिक बारिश नैनीताल में हुई। सुबह करीब 10 बजे से लेकर 12 बजे तक यहां 28.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। मूसलाधार बारिश के दौरान सैलानी होटल के कमरों में ही ठहरे रहे। इस दौरान नैनीझील में नौकायन नहीं हो सका। बारिश से आसपास के नदी-नाले उफान पर आ गए। कुमाऊं के पहाड़ी क्षेत्रों में भी बारिश होने से पिथौरागढ़-टनकपुर मार्ग सुबह के समय छह घंटे अवरुद्ध रहा। बारिश के बाद नैनीताल का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 20.7 व न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश एवं मौसम बदलने से हरिद्वार का अधिकतम तापमान पिछले 24 घंटे के मुकाबले 6.2 डिग्री कम 31.9 व न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा। चमोली जिले में गुरुवार रात को कई क्षेत्रों में बारिश हुई। जबकि शुक्रवार को चमाली, रुद्रप्रयाग, टिहरी में हल्के बादल छाये रहे।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि शनिवार से सोमवार तक करीब तीन दिन राज्य के विशेषकर देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैतीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ एवं ऊधमसिंह नगर जिलों में भारी से भारी बारिश की संभावना है। विभाग ने स्थनीय जिला प्रशासन को सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध करने की भी सलाह दी है।

दून में दोपहर बाद बारिश, उमस से राहत

देहरादून व आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद करीब तीन बजे कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। जिससे उमस एवं गर्मी से राहत मिली। शाम साढ़े पांच बजे तक पिछले 24 घंटे में देहरादून में 8.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस दौरान राजपुर रोड, घंटाघर, चकराता रोड, जाखन, सहस्रधारा आदि क्षेत्र में अधिक बारिश हुई। जबकि आइएसबीटी, ट्रांसपोर्टनगर, कारगी, हरिद्वार बाईपास आदि क्षेत्रों में कम बारिश हुई। दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक क्रमश: 33.5 व 25.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि नैनीताल का अधिकतम तापमान 23.1 व न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा। मसूरी का अधिकतम तापमान 23.2 और न्यूनतम 17.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

chat bot
आपका साथी