जानें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को कांग्रेस आज कितने टिकट करेगी घोषित, दिल्ली में ही फंसे हैं दिग्गज

Uttarakhand Election 2022 उत्तराखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के बाद देर सायं 45 से ज्यादा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जा सकती है।

By Raksha PanthriEdited By: Publish:Fri, 21 Jan 2022 08:03 AM (IST) Updated:Fri, 21 Jan 2022 08:03 AM (IST)
जानें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को कांग्रेस आज कितने टिकट करेगी घोषित, दिल्ली में ही फंसे हैं दिग्गज
जानें- उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 को कांग्रेस आज कितने टिकट करेगी घोषित।

राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Election 2022 कांग्रेस शुक्रवार को प्रदेश में विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की पहली सूची जारी करेगी। दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के बाद देर सायं 45 से ज्यादा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की जा सकती है।

कांग्रेस की नजरें भाजपा की ओर से जारी होने वाली सूची पर टिकी हुई थीं। सत्तारूढ़ दल गुरुवार को 59 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुका है। भाजपा की ओर से प्रत्याशियों पर स्थिति साफ होने के बाद कांग्रेस ने भी सीईसी की बैठक शुक्रवार शाम चार बजे बुलाई है। बैठक के बाद देर शाम तक प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी। बैठक में भाग लेने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को दिल्ली रोका गया है। प्रदेश के तीनों दिग्गज नेता नौ दिनों से दिल्ली में ही डेरा डाले हुए हैं। दसवें दिन प्रत्याशियों की सूची घोषित होने के बाद ही उनकी वापसी हो सकेगी।

25 से 30 टिकटों पर टिकी निगाहें

प्रदेश के नेताओं के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों और दावेदारों की निगाहें प्रत्याशियों की सूची जारी होने पर टिकी हैं। करीब 40 से 45 टिकट सहमति से तय हुए हैं। इन्हें लेकर किसी तरह की शंका नहीं जताई जा रही है। 25 से 30 टिकट ऐसे हैं, जिन पर सीईसी को प्रत्याशियों का पैनल सौंपा गया है। पैनल में किसी खेमे से जुड़े दावेदार को टिकट मिलता है, इसका बेसब्री से इंतजार भी किया जा रहा है। यही नहीं भाजपा के असंतुष्टों पर भी कांग्रेस की टकटकी लगी हुई है। जनाधार वाले ऐसे असंतुष्टों को टिकट देने पर कांग्रेस विचार कर सकती है।

असंतोष प्रबंधन को सक्रिय पर्यवेक्षक

उधर, कांग्रेस में भी दावेदारों की ज्यादा संख्या देखते हुए प्रत्याशी घोषित होने के बाद असंतोष सिर उठा सकता है। इसे देखते हुए पार्टी ने मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक मोहन प्रकाश समेत वरिष्ठ नेताओं व अन्य पर्यवेक्षकों को असंतोष प्रबंधन के लिए सक्रिय रहने को कह दिया है।

नामांकन पत्र खरीद सकेंगे संभावित प्रत्याशी

कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक व राष्ट्रीय महासचिव मोहन प्रकाश ने गुरुवार को जिलाध्यक्षों के साथ वर्चुअल तरीके से बैठक की। उन्होंने जिला स्तर पर चुनाव के साथ ही नामांकन को लेकर रणनीति पर चर्चा की। पार्टी ने प्रत्याशियों की सूची घोषित नहीं की है। शुक्रवार से नामांकन होने हैं, ऐसे में संभावित प्रत्याशियों को नामांकन पत्र खरीदने को कहा गया।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड भाजपा ने 59 सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, खटीमा से सीएम धामी तो जानिए अन्य सीटों से कौन मैदान में

chat bot
आपका साथी