रुड़की में हनुमान जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर पथराव, दारोगा समेत 10 लोग घायल; उत्‍तराखंड में जारी किया गया हाई अलर्ट

आज शनिवार को रुड़की के भगवानपुर में हनुमान जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर पथराव हुआ। इसमें दारोगा समेत 10 लोग घायल हो गए। बताया गया कि उपद्रवियों ने दो और वाहन आग के हवाले कर दिए।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 16 Apr 2022 09:41 PM (IST) Updated:Sun, 17 Apr 2022 12:20 AM (IST)
रुड़की में हनुमान जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर पथराव, दारोगा समेत 10 लोग घायल; उत्‍तराखंड में जारी किया गया हाई अलर्ट
हनुमान जन्मोत्सव पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर देर शाम एक समुदाय के व्यक्तियों ने पथराव कर दिया।

संवाद सूत्र, भगवानपुर (रुड़की)। हनुमान जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर देर शाम समुदाय विशेष के व्यक्तियों ने पथराव कर दिया। इसमें शोभायात्रा के साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी समेत 10 से अधिक लोग घायल हो गए। वहीं, इस घटना के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया।

दो वाहनों में लगा दी आग

उपद्रवियों ने एक दूध के वाहन में तोड़फोड़ की और दो वाहनों में आग लगा दी। सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बनी हुई है। मौके पर लगभग 800 ग्रामीण जमा हैं।

स्थिति फिलहाल नियंत्रण में

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह रावत का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। जिले के कई थानों की पुलिस फोर्स और पीएसी गांव में तैनात कर दी गई है।

बजरंग दल कार्यकर्त्‍ता निकाल रहे थे शोभायात्रा

हरिद्वार जिले में स्थित भगवानपुर थाना क्षेत्र के डाडा जलालपुर गांव से बजरंग दल कार्यकर्त्‍ता ग्रामीणों के साथ हनुमान जयंती पर शोभायात्रा निकाल रहे थे। शोभायात्रा जब डाडा पट्टी गांव में एक समुदाय विशेष के मोहल्ले से होकर गुजर रही थी, तभी कुछ व्यक्तियों ने आतिशबाजी की।

समुदाय विशेष के व्यक्तियों ने किया पथराव

इस बीच समुदाय विशेष के व्यक्तियों ने शोभायात्रा पर पथराव कर दिया, जिससे वहां भगदड़ मच गई। इसमें शोभायात्रा के साथ चल रहे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी के अलावा 10 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस फोर्स

इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। बताया गया कि एक दूध के वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। इसके अलावा उपद्रवियों ने दो और वाहन आग के हवाले कर दिए। सूचना पर भगवानपुर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति पर नियंत्रण पाया।

पुलिस लोगों को कराया शांत

हालांकि, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसे देखते हुए सीओ मंगलौर पंकज गैरोला सहित झबरेड़ा व बुग्गावाला थाना से भी पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई है।

दोनों पक्षों के लोग सड़कों पर हैं और पुलिस उन्हें शांत कराने का प्रयास कर रही है। विवाद की सही वजह अभी पता नहीं चल पाई है। दोनों पक्ष एक-दूसरे को घटना के लिए जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

यह भी पढ़ें:- हनुमान जयंती पर निकाली जा रही शोभायात्रा पर पथराव, उत्‍तराखंड में जारी किया गया हाई अलर्ट

chat bot
आपका साथी