शोकाकुल उत्तराखंड ने दी सुषमा को विनम्र श्रद्धांजलि

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के सम्मान में बुधवार को प्रदेश में राजकीय शोक के चलते राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 07 Aug 2019 10:27 PM (IST) Updated:Wed, 07 Aug 2019 10:27 PM (IST)
शोकाकुल उत्तराखंड ने दी सुषमा को विनम्र श्रद्धांजलि
शोकाकुल उत्तराखंड ने दी सुषमा को विनम्र श्रद्धांजलि

राज्य ब्यूरो, देहरादून: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के सम्मान में बुधवार को प्रदेश में राजकीय शोक के चलते राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहा। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मदन कौशिक समेत वरिष्ठ नेताओं ने दिल्ली जाकर स्वर्गीय स्वराज की पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने बुधवार को देहरादून में अपने सभी कार्यक्रम रद कर दिए थे। उन्होंने दिल्ली में स्वर्गीय स्वराज के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने शोक संदेश में राज्यपाल ने कहा कि सुषमा स्वराज एक लोकप्रिय जननेता, प्रखर वक्ता व कुशल प्रशासक थीं। उनके निधन से देश की अपूरणीय क्षति हुई है।

राज्य सरकार ने बुधवार को प्रदेश में एक दिन का राजकीय शोक घोषित कर सभी कार्यक्रम रद कर दिए थे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने दिल्ली जाकर भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में स्वर्गीय स्वराज को श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय स्वराज का उत्तराखंड से विशेष लगाव था। उन्होंने ऋषिकेश एम्स, विदेशों में किन्हीं कारणों से फंसने वाले नौजवानों की वापसी समेत अन्य मसलों में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय स्वराज ने हिदी भाषा के उत्थान को भी बड़ा कार्य किया। साथ ही जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाने को लंबी लड़ाई लड़ी। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने भी दिल्ली में स्वर्गीय स्वराज के निवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वह सादगी की प्रतिमूर्ति, प्रखर वक्ता, कुशल प्रशासक और भाजपा की मुखर आवाज थीं।

इधर, प्रदेश भाजपा कार्यालय में हुई शोकसभा में भी स्वर्गीय स्वराज को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने स्वर्गीय स्वराज के राज्य के विकास में दिए गए योगदान को याद किया। विधायक हरबंस कपूर ने कहा कि स्वर्गीय स्वराज कुशल संगठनकर्ता भी थीं। कार्यक्रम में विधायक खजानदास, महापौर सुनील उनियाल गामा, विधायक उमेश शर्मा काऊ, मुकेश कोली, मुन्ना सिंह चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ.देवेंद्र भसीन समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, दायित्वधारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।

स्टेट प्लेन न मिलने से कई मंत्री नहीं जा पाए दिल्ली

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को श्रद्धांजलि देने के लिए प्रदेश के कई अन्य मंत्री भी दिल्ली जाना चाह रहे थे। इसके लिए उन्होंने नागरिक उड्डयन विभाग से स्टेट प्लेन उपलब्ध कराने को कहा। बताया गया कि स्टेट प्लेन दो माह से खराब चल रहा है। इस कारण इन मंत्रियों के दिल्ली जाने का कार्यक्रम टल गया।

अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी