अस्थि कलशों पर सभी समुदायों ने अर्पित की पुष्पांजलि

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहरादून भाजपा मुख्यालय में रखे गए अस्थि कलशों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में जनता पहुंची।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Aug 2018 03:02 AM (IST) Updated:Fri, 24 Aug 2018 03:02 AM (IST)
अस्थि कलशों पर सभी समुदायों ने अर्पित की पुष्पांजलि
अस्थि कलशों पर सभी समुदायों ने अर्पित की पुष्पांजलि

राज्य ब्यूरो, देहरादून: भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के देहरादून भाजपा मुख्यालय में रखे गए अस्थि कलशों पर पुष्पांजलि अर्पित करने के लिए बड़ी संख्या में जनता पहुंची। सभी समुदाय के प्रतिनिधियों के साथ ही विभिन्न संस्थानों व स्कूलों के विद्यार्थियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। सुबह आठ बजे शुरू हुआ पुष्पांजलि का कार्यक्रम देर शाम तक जारी रहा। शुक्रवार को इन अस्थि कलशों को विसर्जन के लिए बदरीनाथ, बागेश्वर, हल्द्वानी व ऋषिकेश के लिए रवाना किया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां प्रदेश के चार स्थानों पर विसर्जित की जानी हैं। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट दिल्ली से चार अस्थि कलश लेकर देहरादून पहुंचे। गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में इन अस्थि कलशों को आमजन के दर्शनार्थ और श्रद्धांजलि के लिए रखा गया। सुबह से ही इन कलशों व पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान सभा भवन में गायत्री मंत्र, रामधुन व भजन गायन चलता रहा। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी इस दौरान दुआ भी की। सभा स्थल पर पहुंचने पर कई लोग अश्रुपूरित नेत्रों से पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र व अस्थि कलश पर पुष्पांजलि अर्पित करते नजर आए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू के अलावा राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत, प्रदेश महामंत्री संगठन संजय कुमार, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत, मदन कौशिक, यशपाल आर्य, सतपाल महाराज, अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल, राज्य मंत्री धन सिंह रावत व रेखा आर्य, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इनके अलावा कई विधायकों ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि देने वालों में प्रांत संघचालक सरदार गजेंद्र सिंह, प्रांत प्रचारक युद्धवीर, सह प्रांत प्रचारक देवेंद्र व क्षेत्र प्रचार प्रमुख पद्म भी शामिल रहे। इनके अलावा बार एसोसिएशन, सिख समाज, गुरुद्वारा सिंह सभा, आढ़त बाजार, गुरुद्वारा गोविंद नगर, पंजाबी महासभा, वैश्य महासभा, तिब्बत वीमेन एसोसिएशन, मुस्लिम समाज, वैश्य महासभा, गीता भवन, कालिका मंदिर समिति, प्राचीन शिव मंदिर समिति, अग्रवाल महासभा, डॉल्फिन इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंसेस, उत्तरांचल पीजी कॉलेज ऑफ बायोमेडिकल, कुकरेजा इंस्टीट्यूट व शिव सेवा समिति समेत विभिन्न संस्थाओं और उनके प्रतिनिधियों तथा छात्र-छात्राओं ने भी पुष्पांजलि अर्पित की। आज रवाना होंगी अस्थि कलश यात्रा

देहरादून: पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के अस्थि कलश शुक्रवार सुबह भाजपा मुख्यालय से रवाना होंगे। अस्थियों का विसर्जन ऋषिकेश में गंगा नदी के त्रिवेणी घाट, बागेश्वर में सरयू नदी के घाट व हल्द्वानी में गौला नदी के चित्रशिला घाट पर शुक्रवार और बदरीनाथ में अलकनंदा नदी घाट पर 25 अगस्त को किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने बताया कि बागेश्वर के लिए राज्यमंत्री रेखा आर्य व कैलाश शर्मा के नेतृत्व में कलश यात्रा रवाना की जाएगी। दूसरी यात्रा कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के नेतृत्व में छह बजे प्रदेश कार्यालय से हल्द्वानी को रवाना होगी। बदरीनाथ के तीसरी कलश यात्रा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट व कैबिनेट मंत्री प्रकाश पंत के नेतृत्व में साढ़े सात बजे रवाना होगी। चौथी यात्रा सुबह नौ बजे कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व प्रदेश महामंत्री नरेश बंसल के नेतृत्व में ऋषिकेश के लिए रवाना होगी। ये सभी यात्राएं विभिन्न तहसीलों से होती हुई अपने गंतव्य तक पहुंचेंगी।

chat bot
आपका साथी