Adventure Tourism: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज बोले, एडवेंचर टूरिज्म का हब बन रहा है उत्तराखंड

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि राज्य में साहसिक खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए पर्यटन विभाग भरसक प्रयास कर रहा है। एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में उत्तराखंड पहचान बना रहा है। यहां अभी पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sat, 19 Dec 2020 08:41 PM (IST) Updated:Sat, 19 Dec 2020 08:41 PM (IST)
Adventure Tourism: पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज बोले, एडवेंचर टूरिज्म का हब बन रहा है उत्तराखंड
क्रॉस कंट्री साईकल रैली में महिला वर्ग की विजेता को प्रमाण पत्र प्रदान करते पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज।

जागरण संवाददाता, देहरादून। Adventure Tourism राज्य में साहसिक खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए पर्यटन विभाग भरसक प्रयास कर रहा है। एडवेंचर टूरिज्म हब के रूप में उत्तराखंड पहचान बना रहा है। यहां अभी पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं। प्रचार के माध्यम से देश-विदेश के पर्यटकों का ध्यान उत्तराखंड की ओर से आकृष्ट किया जा सकता है। इसे वार्षिक फेस्टिवल के रूप आयोजित कराए जाने का प्रयास किया जाएगा। यह बातें पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने पहली क्रॉस कंट्री बाइसाइकिल रैली के समापन पर कहीं।

पर्यटन विकास परिषद के सहयोग से उत्तराखंड बाइसाइकिल हब संस्था ने देहरादून में पहली क्रॉस कंट्री बाइसाइकिल रैली का आयोजन किया। रैली को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की पुत्रवधू मोहिना रावत ने म्यूज आर्ट कैफे से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उत्तराखंड बाइसाइकिल हब संस्था के संस्थापक आदित्य सक्सेना ने कहा कि अल्प समय में आयोजित बाइसाइकिल रैली में अच्छा रुझान देखने को मिला। इस रैली में 26 राइडर्स ने भाग लिया, जिसमें दो महिला राइडर्स थीं। रैली का उद्देश्य फिट इंडिया थीम को प्रमोट करना था। बाइसाइकिल रैली का ट्रेल मार्ग 18.5 किलोमीटर था।

रैली के समापन अवसर पर मुख्यअतिथि के रूप में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शिरकत की। पर्यटन मंत्री ने रैली के विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र व नकद पुरस्कार प्रदान किए। पुरुष व महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय को क्रमश: पांच हजार, दो हजार व एक हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। मोहिना रावत ने कहा कि रैली के आयोजन से माउंटेन बाइकिंग में स्थानीय व बाहरी पर्यटकों की दिलचस्पी बढ़ेगी। पर्यटन सचिव दिलीप जावलकर ने कहा  कि वर्तमान में बाइसाइकिल राइडर्स की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस तरह की प्रतियोगिता से न केवल उनको प्रोत्साहित किया जा सकेगा, बल्कि इस गतिविधि से यहां के पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इस दौरान पर्यटन विभाग के उपनिदेशक योगेंद्र सिंह गंगवार, सुयेश रावत, आदित्य सक्सेना, आर्यन व प्राघवन आदि उपस्थित थे।

इन्होंने पाया स्थान 

क्रॉस कंट्री बाइसाइकिल रैली में पुरुष वर्ग में 45 मिनट 12 सेकेंड का समय लेते हुए अक्षित जोशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। 45 मिनट 32 सेकेंड में अवनीश राणा ने द्वितीय व 46 मिनट 15 सेकेंड में अर्जुन राठौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, महिला राइडर्स में वंदना ने प्रथम व अंजलि ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

यह भी पढ़ें: Adventure Tourism: रोमांच के शौकीनों के लिए अच्छी खबर, अब उत्तराखंड की नदियों में भी कर सकेंगे एंगलिंग

chat bot
आपका साथी