यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
पहलवान लाभांशु ने जॉर्जिया में खींचा 20 टन वजनी ट्रक
जॉर्जिया में ऋषिकेश के युवा पहलवान लाभांशु शर्मा ने 20 टन वजनी ट्रक को खींचने का कारनामा किया।

ऋषिकेश, [जेएनएन]: उत्तराखंड के युवा पहलवान लाभांशु शर्मा ने यूरोप के जार्जिया में 20 टन वजनी ट्रक को खींचने का कारनामा किया है। राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में कई पदक जीत चुके लाभांशु का दावा है कि वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले एशिया के पहले पहलवान हैं।
ऋषिकेश के मायाकुंड निवासी 20 वर्षीय लाभांशु शर्मा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रेसलिंग में कई पदक जीत चुके हैं। इन दिनों वह यूरोप के जॉर्जिया में कुश्ती का अभ्यास कर रहे हैं। बुधवार को लाभांशु ने जॉर्जिया की राजधानी तबिल्सी में 20 टन वजनी हैवी ट्रक को अपनी कमर से बांधकर 10 मीटर तक खींचने का कारनामा किया। लाभांशु के इस कारनामे को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

लाभांशु का दावा है कि 20 टन वजनी ट्रक को खींचने वाले वह एशिया के पहले पहलवान बने हैं। इससे पूर्व अन्य पहलवानों ने 10 टन तक के वजनी ट्रक खींचे थे। यह आयोजन लाभांशु शर्मा ने स्वयं की क्षमता आजमाने के लिए किया था। दैनिक जागरण से फोन पर अपनी उपलब्धि को साझा करते हुए लाभांशु ने बताया कि इसके लिए वह पिछले तीन माह से अभ्यास कर रहे थे।
लाभांश पूरी तरह से शाकाहारी है और उनकी डाइट में चार लीटर दूध व दो सौ ग्राम बादाम व घी के अलावा दही, फल व फलों का जूस प्रतिदिन शामिल है। वह प्रतिदिन छह किलोमीटर व सप्ताह में एक बार 15 किलोमीटर की दौड़ लगाने के साथ एक्सरसाइज व दंड बैठक लगाते हैं। लाभांशु अब तक कुश्ती में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दो, राष्ट्रीय स्तर पर आठ व प्रदेश स्तर पर 11 स्वर्ण पदक अपने नाम कर चुके हैं।
लाभांशु की उपलब्धियां
- स्टूडेंट ओलंपिक गेम्स श्रीलंका में 120 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
- इंडो-नेपाल इंटरनेशनल रेसलिंग टूर्नामेंट, काठमांडो में 120 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक
- नेशनल स्कूल गेम्स सीनियर वर्ग 120 किग्रा भार वर्ग में उत्तराखंड को पहला स्वर्ण पदक दिलाया
- नेशनल यूथ गेम्स में 120 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी पहलवान को हरकार लाभांशु ने जीता स्वर्ण पदक
यह भी पढ़ें: बॉक्सिंग के बालक वर्ग में उत्तराखंड ने कब्जाई चैंपियनशिप
