क्रिकेटर अभिमन्यु के घर लूट मामले में कार की बरामदगी पर टिकी पुलिस की निगाहें

अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के संचालक आरपी ईश्वरन के घर हुए लूटकांड में बदमाशों ने मारुति ए-स्टार कार का इस्तेमाल किया था। पुलिस इस दिशा में काम कर रही है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Fri, 27 Sep 2019 10:19 AM (IST) Updated:Fri, 27 Sep 2019 10:19 AM (IST)
क्रिकेटर अभिमन्यु के घर लूट मामले में कार की बरामदगी पर टिकी पुलिस की निगाहें
क्रिकेटर अभिमन्यु के घर लूट मामले में कार की बरामदगी पर टिकी पुलिस की निगाहें

देहरादून, जेएनएन। अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के संचालक आरपी ईश्वरन के घर हुए लूटकांड में बदमाशों ने मारुति ए-स्टार कार का इस्तेमाल किया था। सीसीटीवी फुटेज और कार मैकेनिकों से पहचान कराने के बाद पुलिस इस दिशा में काम कर रही है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस को कार का मॉडल मिल गया है। कार हाथ लगने के बाद ही लूटकांड के खुलासे की उम्मीद की जा रही है।

राजपुर रोड स्थित मालसी के पास गत रविवार को अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी के संचालक एवं क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के पिता आरपी ईश्वरन के घर चार बदमाशों ने लूटकांड को अंजाम दिया था। इस दौरान पीडि़त परिवार ने लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लूटने की बात पुलिस को बताई। पुलिस पांच दिनों से बदमाशों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है। पुलिस लगातार घटनास्थल और शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाल रही है। बदमाशों ने स्कॉलर होम के पास लूटकांड के दौरान छीने गए मोबाइल फोन फेंके थे। यहां पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में एक कार नजर आई। इस कार से बदमाश फोन फेंकने के लिए बाहर उतरा है। सूत्रों का कहना है कि कार के नम्बर बारिश और लाइट चमकने के कारण साफ नहीं दिख रहे हैं। मगर, कार कंपनियों के विशेषज्ञों और मैकेनिकों से कार की पहचान मारुति की ए-स्टार के रूप में हुई है। अब पुलिस टीम शहर में रविवार और शनिवार को आने-जाने वाली ए-स्टार कार की तलाश में जुट गई है। बताया जा रहा है कि कार की लोकेशन भी देहरादून के एक क्षेत्र में आ रही है। इसी आधार पर पुलिस को उम्मीद है कि जल्द कार हाथ लगते ही लूटकांड का खुलासा हो जाएगा।

मोबाइल नंबरों की भी चल रही जांच

लूटकांड के दौरान बदमाशों के पास मोबाइल फोन थे। पीडि़तों ने वारदात के दौरान बदमाशों के मोबाइलों की घंटी बजने की बात कही है। इस आधार पर पुलिस सर्विलांस की मदद से नंबरों की जांच कर रही है। अभी तक पुलिस बीस हजार से ज्यादा नंबरों की जांच कर चुकी है। 200 नंबरों को पुलिस ने रडार पर लिया गया है। ताकि सर्विलांस की मदद से पुलिस बदमाशों तक पहुंच सके।

कंट्रोल रूम में खंगाल रहे कैमरे

पुलिस टीम लूटकांड के खुलासे को कंट्रोल रूम के कैमरों का खंगाल रही है। चार दिन से एसएसपी अरुण मोहन जोशी, एसपी सिटी श्वेता चौबे, एसपी ग्रामीण समेत एसओजी कंट्रोल रूम में लगे कैमरों का चेक करने में जुटे हैं। घटना के दिन सुबह से लेकर शाम तक राजपुर क्षेत्र में आने-जाने वाले वाहनों की संदिग्धता को देखा जा रहा है। 

बिलों की भी चल रही जांच

आरपी ईश्वरन ने पुलिस को सोने और डायमंड के जेवरात की सूची दी है। इसके अलावा जेवर कहां से खरीदे गए, इसके बिल भी उपलब्ध कराए हैं। पुलिस इन बिलों के आधार पर दून, दिल्ली, हैदराबाद समेत अन्य शहरों के शो-रूम में जेवर के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसी आधार पर पुलिस बदमाशों तक पहुंचने की भी कोशिश कर रही है। 

यह भी पढ़ें: क्रिकेटर अभिमन्यु ईश्वरन के घर कार से आए थे बदमाश, सीसीटीवी में कैद हुई फुटेज

अरुण मोहन जोशी (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक) का कहना है कि लूट में इस्तेमाल हुई संदिग्ध कार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह कार काफी हद तक कहानी स्पष्ट कर देगी। इसके अलावा सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस लूट के खुलासे में 80 फीसद काम पूरा कर चुकी है। शेष इनपुट मिलते ही लूट का खुलासा किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: क्रिकेटर अभिमन्यु के घर हुई लूट मामले में 70 से अधिक लोगों के पुलिस ने लिए बयान

chat bot
आपका साथी