सड़क पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु के जयकारों से गूंज उठी द्रोणनगरी Dehradun News

रविवार को झंडेजी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा में सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ा और गुरु के जयकारों से द्रोणनगरी गुंजायमान हुई।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Sun, 15 Mar 2020 11:40 AM (IST) Updated:Sun, 15 Mar 2020 08:26 PM (IST)
सड़क पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु के जयकारों से गूंज उठी द्रोणनगरी Dehradun News
सड़क पर उमड़ा आस्था का सैलाब, गुरु के जयकारों से गूंज उठी द्रोणनगरी Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। सड़कों पर आस्था का सैलाब उमड़ा और गुरु के जयकारों से पूरी द्रोणनगरी गूंज उठी। यह नजारा रविवार को दून में झंडाजी के आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा में देखने को मिला। इस दौरान शबद गायन कर नंगे पैर चलती संगत गुरु महाराज पर पुष्प वर्षा कर रही थी। साथ ही गुरु की राहों में फूल बिछाते हुए चल रहे श्रद्धालुओं के विश्वास और उल्लास से पूरा वातावरण महक रहा था। नगर परिक्रमा के तहत संगत का जत्था जिस रास्ते से होकर गुजरा, वहां लोग श्रद्धा से शीश झुकाए नजर आए। शहर में विभिन्न जगहों पर श्री महंत और संगत का भव्य स्वागत किया गया।

दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुआई में रविवार को भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने जगह-जगह संगत का पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया। दरबार साहिब परिसर से सुबह साढ़े नौ बजे शुरू हुई नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल होते हुए निकली।

यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया गया।  एसजीआरआर बिंदाल से तिलक रोड, टैगोर-विला, घंटाघर, पलटन बाजार होते हुए संगतें लक्खीबाग पहुंची। संगत समाधि स्थल श्रीमहंत साहिबान पर माथा टेकने के लिए पहुंची। दोपहर डेढ़ बजे नगर परिक्रमा दरबार साहिब पहुंचकर संपन्न हुई। शाम पांच बजे मसंदों व संगत की विदाई हुई। छह बजे श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

कीर्तन और ढोल की थाप पर किए नृत्य

नगर परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं ने दरबार साहिब की जय..., झंडेजी महाराज की जय....आदि के जयकारे लगाए। इसके अलावा कीर्तन करते हुए ढोल की थाप पर श्रद्धालु खूब झूमे।

संगत के लिए की गई विशेष व्यवस्था

दरबार साहिब प्रबंधन के अलावा व्यापारियों ने भी जगह-जगह पर संगत के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। संगत का व्यापारियों ने घंटाघर पर जोरदार स्वागत किया। जिन्हें पानी, जूस, बिस्किट, फल वितरित किए। इसके अलावा मातावाला बाग, सहारनपुर चौक पर लगे भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य कमाया।

यह भी पढ़ें: 344 साल का गौरव है दून का झंडा मेला, जानिए मेले का ऐतिहासिक महत्व

मौसम खुलने के साथ बाजार में उमड़ी भीड़

रविवार सुबह हुई बारिश के बाद दिनभर मौसम खुशनुमा रहा। खुले मौसम को देखते हुए झंडा मेले में भी लोगों की काफी भीड़ उमड़ी रही। महिलाओं के साथ बड़ों और बच्चों ने भी खूब खरीदारी की। वहीं, कोरोना के भय से मेले में मिलने वाले दोस्तों व रिश्तेदारों से लोग हाथ मिलाने की जगह नमस्ते करते दिखे।

यह भी पढ़ें: दून का ऐतिहासिक झंडे का मेलाः अनुशासन और संयम से टला बड़ा हादसा

chat bot
आपका साथी