पत्नी और बुआ के बेटे की हत्या का आरोपित अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार Dehradun News

पत्नी कामना और बुआ के लड़के रिंकू उर्फ अजय वर्मा के दोहरे कत्ल के मुख्य आरोपित अशोक को पुलिस ने अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार कर लिया है।

By Edited By: Publish:Sat, 07 Sep 2019 03:00 AM (IST) Updated:Sat, 07 Sep 2019 08:06 AM (IST)
पत्नी और बुआ के बेटे की हत्या का आरोपित अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार Dehradun News
पत्नी और बुआ के बेटे की हत्या का आरोपित अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही गिरफ्तार Dehradun News

देहरादून, जेएनएन। पत्नी कामना और बुआ के लड़के रिंकू उर्फ अजय वर्मा के दोहरे कत्ल के मुख्य साजिशकर्ता अशोक रोहिला को श्री महंत इंदिरेश अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया। उसे नेहरू कॉलोनी थाने के लॉकअप में रखा गया है, जहां शुक्रवार को देर रात उससे पूछताछ की गई। पुलिस ने पूछताछ के लिए करीब साढ़े तीन सौ सवालों की फेहरिस्त तैयार की थी। 

बुटीक संचालिका कामना रोहिला की हत्या के मुख्य आरोपित उसके पति अशोक उर्फ कपिल का बीती 29 अगस्त की रात से श्री महंत इंदिरेश अस्पताल में इलाज चल रहा था। वहां पुलिस उस पर 24 घंटे नजर रख रही थी। अशोक के ही इशारे पर शूटर गौरव ने कामना की हत्या के बाद उसके भी पेट में गोली मार दी थी, ताकि उस पर कोई शक न कर सके और वह पुलिस को गुमराह कर अपनी पूर्व नियोजित योजना को मूर्त रूप दे सके। 

मगर, घटनास्थल का मुआयना करने के बाद पहले ही दिन पुलिस को अशोक पर शक हो गया था, तभी से पुलिस उस पर नजर रखे हुए थी। वह पुलिस को चकमा देकर भाग न जाए, इसके लिए नेहरू कॉलोनी थाने के दो पुलिसकर्मी उसकी निगरानी कर रहे थे। शुक्रवार को अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे स्वस्थ बताते हुए डिस्चार्ज कर दिया। डिस्चार्ज होने के साथ ही पुलिस टीम उसे लेकर नेहरू कॉलोनी थाने आ गई। 

जवाब में सामने आएगा दोहरे हत्याकांड का सच 

साजिश के तहत पहले बुआ के लड़के रिंकू उर्फ अजय वर्मा का कत्ल कराना और उसके दस महीने के बाद पत्नी कामना का कत्ल। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है, दोनों की हत्या के पीछे अशोक की मंशा क्या थी। पुलिस की ओर से तैयार किए साढ़े तीन सौ सवाल कामना की प्रॉपर्टी, पति-पत्नी के बीच संबंध, रिंकू से रंजिश की वजह, हत्यारों को मेरठ से बुलाने और रिंकू और कामना के कत्ल के बीच दस माह के अंतर पर केंद्रित हैं। माना जा रहा है कि इन सवालों के जवाब के बाद दोहरे हत्याकांड का पूरा सच सामने आ जाएगा। घटना स्थल पर भी ले जा सकती है पुलिस 

कामना की हत्या के बाद अशोक ने वारदात में प्रयुक्त पिस्टल गौरव से यह कहते हुए ले ली थी कि भागने के दौरान पुलिस चेकिंग में वह पकड़ा जा सकता है। पुलिस पिस्टल की बरामदगी के लिए अशोक को साथ लेकर धर्मपुर माता मंदिर रोड स्थित उसके घर भी जा सकती है। पुलिस का मानना है कि अशोक ने पिस्टल घर में ही छिपा रखी है। 

गौरव सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर 

रिंकू और कामना की हत्या में शामिल शूटर गौरव की पुलिस को सात दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने रिंकू के कत्ल की तफ्तीश के लिए राजस्थान जाने का हवाला देते हुए दस दिन की रिमांड मांगी थी। रिंकू की हत्या की साजिश भी अशोक उर्फ कपिल ने ही रची थी। साजिश को दीपक, उसका भाई गौरव और परवेज निवासीगण सरधना मेरठ ने अंजाम दिया था।

दीपक और गौरव को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद रिंकू की हत्या की बात सामने आई थी। पुलिस गौरव को लेकर देर रात राजस्थान के लिए रवाना हो गई। गौरव को लेकर पुलिस उस स्थान पर जाएगी, जहां रिंकू को कत्ल करने के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। पुलिस राजस्थान के चुरु जिले की पुलिस के भी संपर्क में है और बीते साल नवंबर महीने में मिली अज्ञात लाशों की फोटोग्राफ भी मंगा ली हैं। 

मुकदमे में बढ़े आरोपितों के नाम 

कामना रोहिला की हत्या के मामले में दर्ज मुकदमे में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पति अशोक रोहिला, दीपक, गौरव व परवेज का नाम बढ़ा दिया है। मामले में पहले कामना के भाई ने रिंकू पर हत्या का शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। परवेज की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी तलाश में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक में दबिश दे रही है। 

सुपारी की रकम जुटाने को अशोक ने बेची थी कार

कामना हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता पति अशोक अपने ही बिछाए जाल में फंस गया है। उसके नाम रजिस्टर्ड एक कार चुक्खूवाला में एक पार्किंग में खड़ी मिली है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि इस कार को अशोक ने कामना की हत्या से कुछ दिन पहले ही चार लाख रुपये में बेचा था। इस रकम का इस्तेमाल कामना की सुपारी देने में किया गया था।

बता दें, अशोक का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। उसके पास चार कार हैं, जिन्हें वह टैक्सी में चलाता है। इन्हीं में से एक कार को उसने कामना की हत्या से कुछ दिन पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के एक शख्स को बेचा था। इस डील में देहरादून के एक शख्स ने मध्यस्थता की थी। जिस शख्स ने कार खरीदी थी, उसे कुछ दिन बाद कार के चेसिस नंबर पर शक हुआ और इसी बीच उसे यह भी पता चला कि अशोक की पत्नी का कत्ल हो गया है। 

इस पर वह कार वापस लेकर रकम लौटाने का दबाव बनाने लगा। सूत्रों की मानें तो इस दौरान अशोक अस्पताल में भर्ती था और किसी तरह से उसने रकम वापस भी कर दी। इसके बाद उसने एक व्यक्ति के जरिये कार देहरादून भेज दी, लेकिन अशोक ने इस कार को अपने घर पर पार्क करने से मना कर दिया, जिस पर उस शख्स ने कार को चुक्खूवाला पार्किंग में पार्क कर दिया। 

एसओ नेहरू कॉलोनी दिलबर नेगी ने बताया कि अशोक के पास मौजूद सभी गाड़ियों की डिटेल मंगाई गई है। पार्किंग में खड़ी कार को जब्त कर लिया गया है। उसने कार कब बेची और उस रकम का इस्तेमाल कहां किया, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

पहले अशोक ने सुनाई थी ये कहानी 

कामना नेहरू कॉलोनी के माता मंदिर रोड पर बुटीक चलाती थी, जबकि उसका पति अशोक उर्फ कपिल ट्रांसपोर्ट कारोबारी है। अशोक ने आरोप लगाया था कि गुरुवार रात करीब 11.30 बजे अशोक की बुआ का बेटा रिंकू उर्फ अजय वर्मा निवासी अमन विहार, रायपुर उसके घर आया। उसके साथ दो लोग और थे।

अशोक ने रिंकू को घर में बुला लिया। रिंकू के पानी मांगने पर अशोक किचन में पानी लेने चला गया। तभी रिंकू ड्राइंग रूम से उठकर बेडरूम में गया और वहां अपनी तीन साल की बच्ची के साथ सो रही कामना के सिर से रिवाल्वर सटाकर गोली मार दी। 

गोली की आवाज सुनकर अशोक वहां पहुंचा तो रिंकू ने अशोक पर भी फायर झोंक दिया। गोली अशोक की कमर को भेदते हुए पेट से पार हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस को अशोक ने बताया था कि वारदात को अंजाम देने के बाद रिंकू घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर को भी उखाड़ ले गया है। 

यह भी पढ़ें: सीरियल देख अशोक ने रची थी दोहरे कत्ल की पटकथा Dehradun News

पुलिस ने किया था ये खुलासा 

पुलिस के मुताबिक बुटीक संचालिका कामना रोहिला की हत्या उसके पति अशोक ने ही अपने जिगरी दोस्तों से कराई थी। रिंकू नाम के जिस लड़के के सिर वह कातिल होने का आरोप पिछले पांच दिनों से मढ़ रहा था, वह जिंदा ही नहीं है। अशोक पिछले साल नवंबर में राजस्थान ले जाकर उसका कत्ल करवा चुका है। दस महीने के इंतजार के बाद 29 अगस्त की रात मौका मिलते ही उन्हीं दोस्तों से पत्नी कामना का भी खून करा दिया।

यह भी पढ़ें: कामना हत्याकांड का खौफनाक सच, पति ने एक साल पहले ही लिख डाली थी पटकथा

की जा रही है गहन पूछताछ 

देहरादून के एसएसपी अरुण मोहन जोशी के मुताबिक, अशोक को गिरफ्तार कर लिया गया है। रिंकू और कामना की हत्या के संबंध में उससे गहन पूछताछ की जा रही है। रिंकू की भी हत्या में शामिल गौरव को कस्टडी रिमांड पर लेकर पुलिस की एक टीम राजस्थान के लिए रवाना हो चुकी है। साक्ष्यों के जरिए रिंकू की हत्या की पुष्टि के बाद आरोपितों के लिए उसकी भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा। 

यह भी पढ़ें: दून में दंपती को मारी गोली, महिला की मौत; पति की हालत गंभीर

chat bot
आपका साथी