डीएनए रिपोर्ट में हुआ खुलासा, विवाहिता की मौत से पहले किया गया था दुष्कर्म

तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से हुई विवाहिता के मौत के मामले में डीएनए रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में मृत्यु से पहले विवाहिता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है।

By Sunil NegiEdited By: Publish:Mon, 16 Mar 2020 08:36 AM (IST) Updated:Mon, 16 Mar 2020 08:36 AM (IST)
डीएनए रिपोर्ट में हुआ खुलासा, विवाहिता की मौत से पहले किया गया था दुष्कर्म
डीएनए रिपोर्ट में हुआ खुलासा, विवाहिता की मौत से पहले किया गया था दुष्कर्म

देहरादून, जेएनएन। विजय पार्क में निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिरने से हुई विवाहिता के मौत के मामले में डीएनए रिपोर्ट आ गई है। रिपोर्ट में मृत्यु से पहले विवाहिता के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। ऐसे में वसंत विहार पुलिस ने इस मामले में गैर इरादतन हत्या 304/34 के अलावा दुष्कर्म की धारा 376 ए भी लगा दी है।

वसंत विहार थाने के एसओ नत्थीलाल उनियाल ने बताया कि बीते 13 अक्टूबर 2019 को एक व्यक्ति ने लिखित तहरीर दी थी कि उसकी 26 वर्षीय बेटी को दीपक निवासी चंदन नगर और दुर्गेश कुमार निवासी बलवीर रोड ने विजय पार्क में हरियाणा डेयरी के निकट गुलाटी के निर्माणाधीन भवन की तीसरी मंजिल से धक्का दिया, जिससे बेटी की मृत्यु हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दीपक और दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया था, जोकि जेल में बंद हैं। आरोपितों के खिलाफ सात जनवरी 2020 को आरोपपत्र अदालत में दाखिल करवाया जा चुका है। एसओ के अनुसार स्वजनों ने मृत्यु से पहले दुष्कर्म की आशंका व्यक्त की थी। मृतका का पोस्टमार्टम कराकर खून के सैंपल, कपड़े डीएनए परीक्षण के लिए भेजे गए। साथ ही डीएनए मिलान के लिए आरोपितों के कपड़े, बाल, खून के सैंपल लिए गए। डीएनए जांच में आरोपित दीपक द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म करने की पुष्टि हुई। जिस पर दीपक के खिलाफ धारा 376ए की बढ़ोतरी करते हुए अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया गया।

पुलिस ने मुस्तैदी से पकड़ा था आरोपितों को

दीपक और दुर्गेश को पुलिस ने मुस्तैदी से पकड़ा था। 12 अक्टूबर की रात करीब 12 बजे वसंत विहार पुलिस की टीम गश्त पर निकली थी। विजय पार्क में निर्माणाधीन बिल्डिंग के नीचे लाल रंग की बाइक खड़ी देख टीम को कुछ शक हुआ। पुलिस ने हूटर बजाते हुए आवाज लगाई कि यह बाइक किसकी है। इस बीच बिल्डिंग के चौकीदार की नींद खुली तो वह पुलिस के पास आया। पुलिस उसे लेकर बिल्डिंग की छत पर गई। दीपक और दुर्गेश अंधेरे में कहीं दुबक गए। टार्च की रोशनी में पुलिस ने जब बिल्डिंग का कोना-कोना छाना तो लिफ्ट के होल में एक महिला गिरी दिखाई दी। पुलिस नीचे उतरकर महिला के पास पहुंची तो देखा कि वह ईंटों पर गिरी है, उसके सिर से खून बह रहा था। टीम ने थाने को सूचना दी, जिसके बाद और फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला को दून मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद बिल्डिंग को फिर सर्च किया तो वहां कोने में दुबककर बैठे दीपक और दुर्गेश को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। 

ऐसे हुई थी वारदात

महिला पांच-छह महीने से पति से अलग अपने मायके श्रीदेव सुमन नगर क्षेत्र में रह रही थी। यहां वह अपनी सात-आठ साल की बेटी को भी लेकर आ गई थी। महिला एक क्रॉकरी शॉप में नौकरी भी करती थी। जहां उसकी जान-पहचान दीपक चौहान से हुई थी। 12 अक्टूबर की देर शाम दीपक और महिला विक्रम पकड़ कर बल्लूपुर पहुंचे। दीपक ने ठेके से शराब जबकि महिला ने बीयर ली। महिला जब दीपक के साथ अपने घर रात 11 बजे पहुंची तो महिला के माता-पिता ने डांट फटकार लगाई। इस बात से नाराज होकर महिला दीपक के साथ लौट गई। इसके बाद दोनों विजय पार्क में हरियाणा डेयरी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में पहुंचे और बिल्डिंग के चौथी मंजिल पर चले गए। वहां से महिला ने अपने दोस्त दुर्गेश को फोन कर बीयर मंगवाई। दुर्गेश थोड़ी देर बाद बीयर लेकर आया। महिला द्वारा दुर्गेश को बुलाने पर दीपक को काफी बुरा लगा। तीनों में काफी बहस हुई। पूछताछ में दोनों आरोपितांे ने बताया था कि महिला काफी नशे में थी और वह बिल्डिंग से नीचे उतरते समय अंधेरा होने की वजह से सीढ़ी और लिफ्ट के लिए बने होल को देख नहीं पाई और सीधा उसमें गिर गई। तीसरी मंजिल से सीधा नीचे गिरने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बिल्डिंग में अक्सर आते रहते थे तीनों

पुलिस ने बिल्डिंग के चौकीदार से जब सख्ती से पूछताछ की तो पता चला कि दीपक और महिला पिछले कई हफ्ते से बिल्डिंग में आते-जाते थे। कुछ दिनों से दुर्गेश भी आने लगा था। पूछताछ में सामने आया कि इसके लिए चौकीदार को दीपक और दुर्गेश कुछ रुपये भी दिया करते थे। 

कर्नल पर दुष्कर्म का आरोप कैंट थाने में मुकदमा दर्ज

दुष्कर्म के एक मामले में कैंट थाना पुलिस ने महिला की तहरीर पर एक कर्नल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसओ कैंट संजय मिश्र के अनुसार महिला ने थाने में तहरीर दी कि वह किसी संस्थान में काम करती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात राजस्थान निवासी कर्नल प्रसून कांत से हुई थी। कर्नल शादी का झांसा देकर वर्ष 2017 से दुष्कर्म कर रहा था। अब कर्नल का तबादला किसी और राज्य में हो गया है। एसओ ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज जांच की जा रही है। 

यह भी पढ़ें: किशोरी से दुष्कर्म करने के आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार Dehradun News

पोक्सो का आरोपित लुधियाना से धरा

कैंट थाना पुलिस ने पोक्सो के एक आरोपित को लुधियाना (पंजाब) से गिरफ्तार किया है। एसओ संजय मिश्र ने बताया कि फास्ट ट्रैक कोर्ट की ओर से कुलदीप सिंह निवासी शिमलापुरी, लुधियाना के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए गए थे। अदालत के निर्देशों पर आरोपित को लुधियाना से रविवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपित के खिलाफ थाना कैंट में 2016 में मुकदमा दर्ज किया गया था।

यह भी पढ़ें: यह भी पढ़ें: तीर्थनगरी में योग सीखने आई अमेरिकी महिला से दुष्कर्म Dehradun News

chat bot
आपका साथी